देवउठनी एकादशी पर नीमच नरेश का जन्मोत्सव महोत्सव प्रारंभ: भव्य आतिशबाजी से गूंजा आसमान

नीमच। तिलक मार्ग स्थित बावड़ी वाले बालाजी मंदिर में देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर नीमच नरेश के दरबार में जन्मोत्सव महोत्सव की शुरुआत भव्य आतिशबाजी के साथ हुई। रात्रि 11 बजे से 12 बजे के बीच मंदिर परिसर के समीप हुई आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रही। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा और मंदिर परिसर जय श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर बाबा खाटू श्याम नीमच नरेश का आकर्षक श्रृंगार किया गया। फूलों और रोशनी से सजे दरबार में बाबा के दर्शन कर भक्त भाव-विभोर हो गए। बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी मंदिर पहुंचे और जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
कोलकाता की तर्ज पर थर्माकोल की आकर्षक नक्काशी से मंदिर को सजाया गया है। यहां बाबा श्याम का दरबार, बालाजी महाराज का महल, माता संतोषी का मंदिर और भगवान नरसिंह, भगवान श्री व भगवान नारायण के लाइटिंग इफेक्ट्स वाले दर्शन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में विशेष श्रृंगार, महाआरती, भोग, भजन-कीर्तन और महाप्रसादी का आयोजन किया जा रहा है।
जय श्री श्याम, जय बालाजी महाराज।