श्री पशुपतिनाथ मंदिर में 20 दिवसीय: पाटोत्सव पर्व का आज से शुभारंभ

मंदिर प्रतिष्ठा के 66वें पाटोत्सव पर दिसंबर तक होंगे बाबा के दर्शन, दोपहर में नहीं रहेगा शयनकाल; 9 दिसंबर तक चलेगा मेला
मंदसौर। भगवान पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में भगवान का विशेष अभिषेक और आकर्षक शृंगार किया गया। इसके साथ ही मंदिर में 66वें पाटोत्सव पर्व एवं 64वें पशुपतिनाथ महादेव मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 20 नवंबर को सुबह 9:30 बजे मेले का शुभारंभ होगा। 20 दिवसीय मेला 9 दिसंबर तक चलेगा।
पाटोत्सव पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दर्शन व्यवस्था में विशेष बदलाव किया गया है। इस बार दोपहर 1 से 2 बजे तक होने वाला भगवान का शयनकाल नहीं रहेगा। इससे मंदिर के पट पूरे दिन खुले रहेंगे और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु बिना किसी व्यवधान के बाबा पशुपतिनाथ के दर्शन कर सकेंगे।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क चेतन्य आश्रम में ठहरने की व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। पाटोत्सव पर्व 20 दिन तक चलेगा। इसमें 11 दिन संतों के प्रवचन और सात दिन श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। प्रतिदिन दोपहर 12 से 3 बजे तक संतों के प्रवचन आयोजित होंगे।
भागवताचार्य पं. कृष्ण वल्लभ शास्त्री के अनुसार, मेघदूतिया आश्रम के स्वामी भक्ति चैतन्य महाराज सहित अन्य आमंत्रित संत प्रवचन देंगे। प्रवचन का क्रम 11 दिन तक चलेगा, जिसे श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
22 नवंबर से श्रीमद्भागवत कथा
22 नवंबर से पं. शिवम शर्मा सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगे। संस्कृति विभाग द्वारा पांच दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। वहीं पुजारी परिवार की ओर से पांच दिन भजन, झांकियों, अभिषेक एवं प्रसादी वितरण के आयोजन होंगे।
प्रतिदिन शाम 7 से रात 10 बजे तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शुभारंभ समारोह में जनप्रतिनिधि रहेंगे उपस्थित
20 नवंबर को आयोजित शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर एवं लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, उपाध्यक्ष नम्रता प्रताप चावला, डिप्टी कलेक्टर एवं सीएमओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहेंगे।