सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों: का तीन दिवसीय VIA प्रशिक्षण संपन्न

मंदसौर मेडिकल कॉलेज में चार जिलों के 35 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण, महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की प्रारंभिक पहचान और नियमित स्क्रीनिंग पर दिया गया जोर
मंदसौर। सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मंदसौर के सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा चार जिलों—आगर मालवा, उज्जैन, रतलाम एवं मंदसौर के कुल 35 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) के लिए तीन दिवसीय आवासीय VIA (Visual Inspection with Acetic Acid) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. शशि गांधी के मार्गदर्शन तथा सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. सुनील कांत गुरली के निर्देशन में संपन्न हुआ।
गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की प्रारंभिक पहचान पर जोर
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा (Cervix) के कैंसर की प्रारंभिक पहचान के लिए VIA जांच की तकनीक में दक्ष बनाना था। गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है। नियमित स्क्रीनिंग और समय पर पहचान के माध्यम से इसके गंभीर परिणामों को काफी हद तक रोका जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के जोखिम कारकों, लक्षणों, VIA जांच के सिद्धांत एवं प्रक्रिया, जांच के परिणामों की पहचान, पॉजिटिव एवं नेगेटिव निष्कर्षों का आकलन, मरीजों की काउंसलिंग तथा आवश्यकता अनुसार उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफरल के संबंध में सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
इस प्रशिक्षण से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की स्क्रीनिंग एवं प्रारंभिक पहचान संबंधी क्षमता में वृद्धि होगी। इससे आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर पर महिलाओं की समय पर जांच, उचित परामर्श और आवश्यक उपचार हेतु रेफरल की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा इससे पूर्व भी विभिन्न बैच के माध्यम से 140 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को VIA प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।
समापन समारोह में विशेषज्ञ रहे उपस्थित
प्रशिक्षण के समापन समारोह में सामुदायिक चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष एवं प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. कार्तिक साल्वे, संकाय चिकित्सा शिक्षक तथा मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन अधिकारी श्री महेश धनोटिया ऑब्जर्वर के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. कार्तिक साल्वे ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की समय पर पहचान एवं नियमित स्क्रीनिंग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रशिक्षण में प्राप्त व्यावहारिक ज्ञान का उपयोग अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में प्रभावी रूप से करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को VIA जांच के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर शुभकामनाएं दीं। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना तथा कैंसर से होने वाली मृत्यु एवं जटिलताओं को कम करने के राष्ट्रीय प्रयासों को मजबूत करना है।