557वां प्रकाश पर्व: 24 नवंबर को धूमधाम से मनाई जाएगी श्री गुरु नानक देवजी की जयंती

15 नवंबर से प्रभात फेरियों का आयोजन, 22 और 23 नवंबर को गुरुद्वारे में शब्द कीर्तन; 24 नवंबर को अखंड पाठ साहिब की समाप्ति, कीर्तन और गुरु का अटूट लंगर
नीमच। सिखों के सर्वोच्च धर्मगुरु श्री गुरु नानक देवजी के 557वें प्रकाश पर्व को धूमधाम से मनाने के लिए सिख समाज द्वारा धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 15 नवंबर से समाजजन भक्ति भाव और श्रद्धा के साथ प्रभात फेरियां निकाल रहे हैं। इनमें समाज की महिलाएं, बच्चे और पुरुष उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं।
प्रातः 4:55 बजे समाजजन भजनों के साथ नगर पालिका कार्यालय के सामने स्थित गुरुद्वारे से प्रभात फेरी निकाल रहे हैं। सिख समाज विकास समिति के अध्यक्ष हरभजनसिंह सलूजा, सचिव सतपालसिंह छाबड़ा और मीडिया प्रभारी मनदीप सिंह गोत्रा ने बताया कि 15 से 21 नवंबर तक प्रभात फेरियों का आयोजन किया जा रहा है।
22 और 23 नवंबर को होंगे धार्मिक आयोजन
कार्यक्रमों के तहत 22 नवंबर को सुबह 9 बजे श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ होगा। वहीं 22 और 23 नवंबर को रात्रि 7:30 से 9 बजे तक गुरुद्वारे में हजूरी रागी जत्थे द्वारा शब्द कीर्तन किया जाएगा।
इसके अलावा 24 नवंबर, मंगलवार को सुबह 9 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति होगी। इसके बाद सुबह 9 से 10 बजे तक हजूरी रागी जत्थे द्वारा शब्द कीर्तन, आरती और अरदास की जाएगी।
24 नवंबर को गुरु का अटूट लंगर
प्रकाश पर्व के अवसर पर 24 नवंबर को रात्रि 7:30 बजे से गुरु का अटूट लंगर आरंभ होगा। इसके बाद मध्यरात्रि में आतिशबाजी, फूलों की वर्षा, अरदास और रागी जत्थे द्वारा धार्मिक कार्यक्रम होंगे।
मंदसौर नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए वाहन व्यवस्था
सिख समाज विकास समिति के अध्यक्ष हरभजनसिंह सलूजा और मीडिया प्रभारी मनदीप सिंह गोत्रा ने बताया कि शुक्रवार, 20 नवंबर को मंदसौर में आयोजित नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए समिति की ओर से बस की व्यवस्था की गई है। बस स्थानीय श्री गुरुद्वारा साहिब, नीमच से सुबह 11:30 बजे रवाना होगी।
समिति पदाधिकारियों ने सिख संगत से अधिकाधिक संख्या में नगर कीर्तन में शामिल होने का आग्रह किया है।