आहार संज्ञा पर विजय प्राप्त कर अगहारी पद की ओर बढ़ना ही आत्मकल्याण का मार्ग : साध्वी मुक्तिपूर्णाश्रीजी

नीमच। नवपद ओली की आराधना पूर्ण होने पर रविवार को श्री जैन श्वेतांबर भीड़भंजन पार्श्वनाथ ट्रस्ट के तत्वावधान में पारणा महोत्सव आयोजित किया गया। साध्वी अमीदर्शाश्रीजी, साध्वी मुक्तिपूर्णाश्रीजी सहित साध्वीवृंद की 70वीं और 73वीं ओलीजी तपस्या की पूर्णाहुति पर यह आयोजन हुआ। बाबेल परिवार ने साध्वी भगवंतों के पारणे का लाभ लिया।
सुबह 7 बजे पुस्तक बाजार स्थित श्री भीड़भंजन पार्श्वनाथ जिनालय के आराधना भवन से ढोल-बैंड और मंगल कलश के साथ भव्य सामैया जुलूस निकाला गया। करीब 3 किलोमीटर तक निकले इस जुलूस में महिलाएं सिर पर मंगल कलश लेकर चलीं और साध्वीवृंद ने पैदल विहार किया। जुलूस मेहनोत नगर स्थित नानेश विहार में बाबेल परिवार के निवास पर पहुंचा, जहां धर्मसभा आयोजित हुई।
आहार संज्ञा पर नियंत्रण जरूरी : साध्वी मुक्तिपूर्णाश्रीजी
धर्मसभा में साध्वी मुक्तिपूर्णाश्रीजी ने कहा कि आहार संज्ञा पर विजय प्राप्त करना आत्मकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मनुष्य की इच्छाएं केवल भोग-विलास से शांत नहीं होतीं। वास्तविक लक्ष्य इच्छाओं पर नियंत्रण रखकर संयम और तपस्या के मार्ग पर आगे बढ़ना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि तपस्या का उद्देश्य केवल शरीर को कष्ट देना नहीं, बल्कि आत्मा को विकारों और आसक्ति से मुक्त करना है।
साध्वी अमीदर्शाश्रीजी ने ओलीजी तपस्या की महिमा बताते हुए कहा कि तप, श्रद्धा और साधना से आत्मबल बढ़ता है। इच्छाओं की पूर्ति से उनकी समाप्ति नहीं होती, इसलिए आहार पर नियंत्रण और त्याग की भावना आत्मकल्याण के लिए आवश्यक है।
साध्वी संवेगप्रियाजी ने कहा कि तपस्या की परंपरा आत्मकल्याण का श्रेष्ठ मार्ग है। त्याग और संयम अपनाकर ही महावीर स्वामी के बताए मार्ग पर आगे बढ़ा जा सकता है।
भक्ति नृत्य और गुरु पूजन ने बढ़ाई आयोजन की रौनक
धर्मसभा में आरवी और हिया सहित बालिकाओं ने भक्ति नृत्य प्रस्तुत किया। तृप्ति बाबेल और सीमा बाबेल ने स्वागत गीत गाया, जबकि सुश्री क्रिया बाबेल ने भक्ति गीत के माध्यम से भाव व्यक्त किए। विभिन्न श्रीसंघों के प्रतिनिधियों ने साध्वीवृंद से आगामी आयोजनों में पधारने की विनती भी की।
प्रवचनों के बाद साध्वी भगवंतों का गुरु पूजन और सम्मान किया गया। बाबेल परिवार ने साध्वीवृंद के पारणे का लाभ लिया। आयोजन में इंदौर, शिवपुरी, मनासा, सूरत और लिमड़ी श्रीसंघ के पदाधिकारियों ने सहभागिता की। धर्मसभा का संचालन पारस ससोड़ और मनीष कोठारी ने किया।