चड़ी चढा में बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस: ग्रामीणों के बीच पहुंचे विधायक सकलेचा

सिंगोली। जावद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चड़ी चढा में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने जनजातीय समाज को भारतीय संस्कृति और परंपराओं का गौरव बताते हुए कहा कि अंतिम छोर के गांव तक विकास पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में आदिवासी समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ विधायक का स्वागत किया। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती और भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
बिरसा मुंडा के संघर्ष को किया याद
विधायक सकलेचा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया। उनका जीवन साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आवास सहित सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।
मंच छोड़ ग्रामीणों के बीच पहुंचे विधायक
कार्यक्रम के बाद विधायक मंच से नीचे उतरकर ग्रामीणों के बीच बैठे और उनकी व्यक्तिगत व सामूहिक समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।
कड़ाके की ठंड को देखते हुए जरूरतमंद और बुजुर्गों को कंबल वितरित किए गए। वहीं ग्राम निवासी भैरूलाल भील के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए विधायक ने तत्काल 5 हजार रुपये की सहायता दी।
आदिवासी परिवारों के साथ किया सहभोज
समारोह के समापन पर विधायक सकलेचा सहित भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने जनजातीय समाज के लोगों के साथ एक पंगत में बैठकर भोजन किया। इस दौरान सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया गया।
जनप्रतिनिधियों ने भी रखे विचार
कार्यक्रम में रतनगढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष जसवंत बंजारा, जिला पंचायत सदस्य मंजुदेवी मांगीलाल भील, जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपाल चारण, अजजा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पवन भील और जिला महामंत्री कन्हैयालाल भील ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने जनजातीय समाज की एकता, जागरूकता और सामाजिक उत्थान पर जोर दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री रेखा देवी धाकड़, मांगीलाल भील, करण सिंह मामा, छगनलाल भील, दिनेश भील, केशव प्रसाद चारण, नितेश सेन, कैलाश चंद्र चारण, राघवेंद्र सिंह राजपूत, देवीलाल कुमावत, राधाकृष्ण गुर्जर, चेनसिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।