जनकल्याण शिविर में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सख्त, अधिकारियों को दी चेतावनी: 66 आवेदन प्राप्त

आमजन को दिया खुलकर शिकायत करने का भरोसा
कार्यक्रम में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा की मौजूदगी में हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि आमजन बिना किसी डर या संकोच के अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखें। शासन-प्रशासन का उद्देश्य लोगों की शिकायतों का उचित समाधान करना है।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी समस्याओं का तय समय-सीमा में निराकरण होना चाहिए। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही से फाइल अटकती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
स्वामित्व योजना और ग्रामीण विकास पर जोर
ग्राम ताल में स्वामित्व योजना के विशेष शिविर का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने ग्रामीणों को जमीन के पट्टे और योजना से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।
कलेक्टर ने राजस्व अमले को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्राम पंचायत सचिव और रोजगार सहायक को केवल दफ्तरों तक सीमित न रहकर गांवों में सक्रिय रूप से काम करने तथा लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण, पोषण और शिक्षा पर चर्चा
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण कर बच्चों के पोषण, खेल-कूद और प्रारंभिक शिक्षा की स्थिति देखी। उन्होंने बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता, साफ-सफाई और केंद्र की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा।
66 आवेदन प्राप्त, प्रधानमंत्री आवास के मामले प्रमुख
शिविर में कुल 66 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से सर्वाधिक 42 आवेदन प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े थे। कलेक्टर ने सभी आवेदनों का नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में विधायक ओमप्रकाश सखलेचा सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना रहा।