नीमच में रातभर चला पुलिस का कॉम्बिंग ऑपरेशन, 100 वारंटियों को पकड़ा: 400 से ज्यादा वाहनों की जांच

नीमच। जिले में अपराधियों की धरपकड़ और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए शनिवार-रविवार की दरमियानी रात नीमच पुलिस ने जिलेभर में कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। एसपी राजेश व्यास के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में पुलिस ने 100 वारंट तामील कराए और 400 से अधिक वाहनों की जांच की। इसके अलावा 80 निगरानी बदमाशों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 108 वाहन चालकों के चालान बनाकर 43,500 रुपये समन शुल्क वसूला गया।
एसपी राजेश व्यास खुद रात में शहर के प्रमुख चौराहों और चेकिंग पॉइंट पर पहुंचे। उन्होंने पुलिसकर्मियों की तैनाती और चेकिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान 30 से अधिक वाहनों से मौके पर ही ब्लैक फिल्म उतरवाई गई। अधिकारियों को प्रभावी चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
100 वारंट तामील, 36 स्थायी वारंट शामिल
पुलिस की विशेष टीमों ने जिलेभर में फरार आरोपियों और वारंटियों की तलाश में दबिश दी। अभियान के दौरान कुल 100 वारंट तामील कराए गए। इनमें 36 स्थायी वारंट, 2 फरारी वारंट और 62 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। वारंटियों में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े 4, शरीर संबंधी अपराधों के 14 और संपत्ति संबंधी अपराधों के 22 वारंट भी शामिल रहे।
12 स्थानों पर चेकिंग, 108 चालान
जिले में 12 स्थानों पर चेकिंग पॉइंट बनाकर 400 से अधिक वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 108 वाहन चालकों के चालान बनाए गए और 43,500 रुपये समन शुल्क वसूला गया। 30 से अधिक वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई गई। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
80 निगरानी बदमाशों के घर पहुंची पुलिस
पुलिस ने जिले के 80 निगरानी बदमाशों और गुंडा-बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी मौजूदगी, वर्तमान निवास और आजीविका के साधनों की जानकारी जुटाई। इसके अलावा 54 होटल, लॉज और ढाबों की जांच की गई। संचालकों को संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
73 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
अभियान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित विवादों को रोकने के लिए 73 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। एक जिला बदर व्यक्ति की भी जांच की गई। पुलिस टीमों ने एटीएम, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी राजेश व्यास ने कहा कि जिले में अपराधियों, फरार वारंटियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। रात्रि गश्त, वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी को और प्रभावी बनाया जाएगा।