रेवली देवली में तीन भैंसों की संदिग्ध मौत, जहरीला पदार्थ खिलाने की आशंका

नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम रेवली देवली में शनिवार को एक पशुपालक की तीन भैंसों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खेत पर बंधी भैंसों की अचानक तबीयत बिगड़ने पर पशु चिकित्सक को बुलाया गया, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पशुपालक ने किसी अज्ञात व्यक्ति पर जहरीला पदार्थ खिलाने का संदेह जताया है।
ग्राम रेवली देवली निवासी बालकृष्ण पिता जयनारायण बोराना (58) और उनके भाई राजेंद्र प्रसाद बोराना खेती व पशुपालन करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे खेत पर बंधी तीनों भैंस अचानक नीचे गिर गईं। सूचना पर पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे, जहां जांच के बाद भैंसों को मृत घोषित कर दिया गया।
लौई और गुड़ में जहरीला पदार्थ मिलाने की आशंका
पशुपालक को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने लौई और गुड़ में जहरीला पदार्थ मिलाकर भैंसों को खिलाया होगा। हालांकि, फिलहाल जहर दिए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सा विभाग को पत्र
नीमच सिटी पुलिस ने रोज़नामचा क्रमांक 032 में शाम 5:05 बजे सूचना दर्ज की है। थाना प्रभारी ने जिला पशु चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर मृत भैंसों का पोस्टमार्टम कराने और मौत का वास्तविक कारण बताने का अनुरोध किया है। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।