नई विधा — नीमच न्यूज़

आधी रात सड़कों पर उतरे नीमच एसपी, फव्वारा चौक पर पुलिसकर्मियों को लगाई फटकार: बोले- गश्त में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

ब्रेकिंग न्यूज़ · नीमच · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

आधी रात सड़कों पर उतरे नीमच एसपी, फव्वारा चौक पर पुलिसकर्मियों को लगाई फटकार: बोले- गश्त में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

नीमच। अपराधियों में खौफ और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए नीमच पुलिस आधी रात को सड़कों पर उतरी। लेकिन इस बार पुलिस की गश्त के साथ पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली भी एसपी की निगरानी में रही। देर रात फव्वारा चौक पर औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस पाइंट पर अपेक्षित पुलिसकर्मी नहीं मिलने पर एसपी राजेश व्यास ने नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारी को फटकार लगाते हुए व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

इस दौरान एएसपी हेमलता अग्रवाल, सीएसपी किरण चौहान सहित कैंट थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि रात्रिकालीन गश्त केवल कागजों में नहीं, बल्कि सड़कों पर प्रभावी रूप से नजर आनी चाहिए। जिन स्थानों पर पुलिस पाइंट निर्धारित हैं, वहां पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और सक्रियता सुनिश्चित की जाए।

10 थानों में एक साथ कॉम्बिंग गश्त, अपराधियों की तलाश

एसपी राजेश व्यास ने बताया कि नीमच जिले के सभी 10 थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए पुलिस बल को अलग-अलग टीमों में बांटकर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अभियान के तहत स्थायी वारंटियों, गिरफ्तारी वारंटियों की तलाश के साथ पुराने गुंडे-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और जिला बदर अपराधियों की गतिविधियों की जांच की जा रही है।

होटल, ढाबे और धर्मशालाएं भी पुलिस के रडार पर

अभियान के तहत होटल, धर्मशालाओं और हाईवे स्थित ढाबों की जांच की जा रही है। ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन करवाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि इन स्थानों पर किसी तरह की अवैध गतिविधि या मादक पदार्थों की बिक्री न हो।

ब्लैक फिल्म से लेकर शराब पीकर ड्राइविंग तक पर नजर

वाहन चेकिंग के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट का पालन कराया जा रहा है। वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई जा रही है और ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

संदेश साफ : अपराधियों के साथ लापरवाही पर भी नजर

इस पूरी कार्रवाई का एक अहम पहलू यह भी रहा कि एसपी ने अपराधियों की धरपकड़ के साथ पुलिस की अपनी व्यवस्था को भी परखा। फव्वारा चौक पर पुलिस पाइंट पर जवानों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को जवाबदेही का अहसास कराया। देर रात एसपी का सड़कों पर उतरना पुलिस महकमे के लिए स्पष्ट संदेश है कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

और पढ़ें: नीमच की सभी खबरें · नीमच ब्रेकिंग न्यूज़ — आज की बड़ी खबरें · नीमच न्यूज़ होम