एमपी में अगले 2 साल में खुलेंगे 22 नए मेडिकल कॉलेज: MBBS की 12 हजार सीटें बढ़ेंगी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इस लक्ष्य के अनुरूप काम करने के निर्देश दिए गए।
11 जिलों में पीपीपी मॉडल पर खुलेंगे कॉलेज
प्रदेश के 11 जिलों में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इनमें मुरैना, गुना, भिंड, छिंदवाड़ा, अशोकनगर, बालाघाट, सीधी, खरगोन, शाजापुर, रायसेन और झाबुआ शामिल हैं। इन कॉलेजों के लिए निविदाएं जल्द जारी की जाएंगी।
20 शासकीय और 14 निजी मेडिकल कॉलेज
रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में वर्तमान में 20 शासकीय और 14 निजी मेडिकल कॉलेज हैं। इसके अलावा 6 नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों का निर्माण छतरपुर, दमोह, बुधनी, उज्जैन, राजगढ़ और मंडला में किया जा रहा है।
मेडिकल शिक्षा का बढ़ेगा दायरा
बैठक में अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी, समय-सीमा में काम पूरा करने और नए कॉलेजों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए। योजना पूरी होने पर प्रदेश में मेडिकल शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे और विद्यार्थियों को MBBS की अधिक सीटें उपलब्ध हो सकेंगी।