प्राचीन मूर्तियों की चोरी में मध्यप्रदेश देश में टॉप पर: 66 साल में 142 दुर्लभ कलाकृतियां चोरी

इस मामले में मध्यप्रदेश पहले स्थान पर है। राजस्थान में 91 और उत्तर प्रदेश में 86 पुरावशेष चोरी हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, चोरी गई अधिकांश ऐतिहासिक धरोहरें अब तक बरामद नहीं हो सकी हैं।
12 जिलों के मंदिरों से चोरी हुईं कलाकृतियां
प्रदेश के उज्जैन, ग्वालियर, मुरैना, शिवपुरी, भिंड, विदिशा, रायसेन, कटनी, इंदौर, सतना, दमोह और बड़वानी सहित कई जिलों से शिवलिंग, विष्णु और गणेश प्रतिमाएं, जैन तीर्थंकरों की मूर्तियां और मंदिरों के स्थापत्य हिस्से चोरी हुए हैं।
ताजा मामलों में जुलाई 2026 में शिवपुरी के नरवर किले से करीब 400 साल पुरानी और 3.5 टन वजनी तोप की चोरी भी शामिल है। जांच में तोप राजस्थान ले जाए जाने की बात सामने आई, लेकिन अब तक उसकी बरामदगी नहीं हो सकी है।
अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से भी जुड़े मामले
रिपोर्ट में मध्यप्रदेश से चोरी हुई प्राचीन धरोहरों का संबंध अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से भी सामने आया है। कटनी के भरहुत स्तूप से चोरी हुई करीब 2,200 साल पुरानी प्रतिमा को अमेरिका में बेचने की तैयारी की गई थी। वर्ष 2011 में न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में यह प्रतिमा बरामद हुई और बाद में भारत वापस लाई गई।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा और संरक्षण व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।