पांडुकुड़ी में 25 दिन से पेयजल संकट: बिना मुंडेर के कुओं से जान जोखिम में डालकर पानी ला रहे ग्रामीण

सिंगोली। जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत किशनपुरा के अंतर्गत आने वाले आदिवासी बहुल गांव पांडुकुड़ी में पेयजल संकट गहरा गया है। करीब 100 घरों और 500 की आबादी वाले इस गांव के ग्रामीण पिछले 20 से 25 दिनों से पीने के पानी के लिए परेशान हैं। गांव में न तो कोई चालू हैंडपंप है और न ही पेयजल की दूसरी व्यवस्था।
हालात यह हैं कि ग्रामीणों को करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेतों में बने कुओं से पानी लाना पड़ रहा है। इन कुओं पर सुरक्षा के लिए मुंडेर तक नहीं बनी है। ऐसे में महिलाएं और बच्चे जान जोखिम में डालकर पानी भरने को मजबूर हैं।
ट्यूबवेल ने दिया जवाब, दूसरे स्रोत भी नहीं
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में पेयजल आपूर्ति का एकमात्र सरकारी सहारा ट्यूबवेल था, लेकिन पिछले सात दिनों से इससे भी पानी नहीं मिल रहा है। गांव में वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से परेशानी लगातार बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत और प्रशासन को कई बार समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।
पंचायत और प्रशासन ने दिया भरोसा
पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि बिना मुंडेर वाले कुओं से पानी लाना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। ग्रामीणों ने गांव में पेयजल व्यवस्था जल्द शुरू कराने और सुरक्षित पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्राम पंचायत सचिव बालकिशन ने वैकल्पिक व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है। वहीं एसडीएम संजीव साहू ने कहा कि प्रशासन समस्या को संज्ञान में ले रहा है और इसका शीघ्र समाधान किया जाएगा।