विश्व बैंक रिपोर्ट: भारत ने गरीबी घटाने में रचा इतिहास, पाकिस्तान की कंगाली ने तोड़े रिकॉर्ड

नई दिल्ली। गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में भारत ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है, जबकि पाकिस्तान इस मामले में पिछड़ता नजर आ रहा है। विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत में गरीबी की दर में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं पाकिस्तान में गरीबी और आर्थिक संकट की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में प्रतिदिन 3 डॉलर से कम आय पर जीवनयापन करने वाली आबादी का अनुपात 2011 में 27.1 प्रतिशत था, जो 2023 में घटकर 2.3 प्रतिशत रह गया। इस अवधि में करीब 49.6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए।
49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर
विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने सामाजिक कल्याण योजनाओं और आर्थिक नीतियों के जरिए गरीबी कम करने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। रोजगार के अवसरों में वृद्धि, ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार ने भी इस दिशा में योगदान दिया।
पाकिस्तान में गरीबी की स्थिति चिंताजनक
इसके विपरीत पाकिस्तान में गरीबी की स्थिति गंभीर बनी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2023 के बाद वहां रोजगार के अवसरों में कमी और महंगाई के कारण आर्थिक चुनौतियां बढ़ी हैं। पाकिस्तान में 3 डॉलर प्रतिदिन से कम आय पर जीवनयापन करने वाली आबादी का अनुपात 2018-19 में 16.5 प्रतिशत था, जो 2024 तक बढ़कर 23 प्रतिशत हो गया।
रिपोर्ट में भारत और पाकिस्तान के बीच गरीबी कम करने के प्रयासों और आर्थिक स्थिति में अंतर सामने आया है।