महंगाई की मार: प्याज के तेवर हुए तीखे, नीमच में थोक भाव 43 रुपये किलो तक पहुंचे; आगे और बढ़ सकते हैं दाम

नीमच। महंगाई के बीच अब प्याज भी आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ने लगा है। प्रदेश के कई शहरों में प्याज की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। नीमच में भी थोक बाजार में प्याज के भाव बढ़ गए हैं। शुक्रवार को कृषि उपज मंडी में नया बढ़िया प्याज 4,300 रुपये प्रति क्विंटल यानी 43 रुपये प्रति किलो तक बिका।
शहर की सब्जी मंडी में फिलहाल प्याज के खुदरा भाव 35 से 40 रुपये प्रति किलो चल रहे हैं। हालांकि थोक और खुदरा बाजार के भाव में अंतर साफ नजर आ रहा है।
अलग-अलग गुणवत्ता के प्याज के भाव
कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को बढ़िया क्वालिटी का प्याज 4,300 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचा। वहीं अन्य अच्छी गुणवत्ता का माल 3,841 रुपये और नया एवरेज बेस्ट प्याज 3,500 से 3,600 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिका।
आवक में कमी से बढ़ रहे दाम
व्यापारियों के अनुसार, प्याज की कीमतों में तेजी की प्रमुख वजह बाजार में आवक कम होना है। महाराष्ट्र के नासिक से प्याज की आवक घटने के साथ स्थानीय बाजार में भी पर्याप्त माल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। मंडियों में कम प्याज पहुंचने से बाजार में सप्लाई प्रभावित हुई है।
आगे और बढ़ सकते हैं भाव
व्यापारियों और बाजार के जानकारों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में नासिक और अन्य प्रमुख मंडियों से प्याज की आवक नहीं बढ़ी तो कीमतों में और उछाल आ सकता है। थोक बाजार में भाव बढ़ने का असर धीरे-धीरे खुदरा बाजार पर भी पड़ सकता है। प्याज रोजमर्रा के भोजन का अहम हिस्सा है, इसलिए लगातार बढ़ती कीमतों से आम परिवारों की रसोई का बजट प्रभावित हो रहा है।