नीमच में प्रकाश पर्व की धूम!: 15 नवंबर से गूंजेगी गुरबाणी

15 नवंबर से प्रभात फेरियों का शुभारंभ
नीमच। सिख समाज के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व 24 नवंबर 2026 को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सिख समाज विकास समिति द्वारा 15 नवंबर से 24 नवंबर तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समिति अध्यक्ष हरभजन सिंह सलूजा, सचिव सतपाल सिंह छाबड़ा एवं मीडिया प्रभारी मनदीप सिंह गौत्रा ने बताया कि 15 से 21 नवंबर तक प्रतिदिन ब्रह्मवेला में सुबह 4:55 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसमें समाज की महिलाएं, पुरुष और बच्चे सुमधुर गुरबाणी एवं भजनों के साथ शामिल होंगे। प्रभात फेरी नगरपालिका कार्यालय के सामने स्थित गुरुद्वारे से प्रारंभ होगी।
बच्चों के शबद कीर्तन से होगी शुरुआत
15 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे गुरुद्वारा साहिब नीमच में बच्चों द्वारा शबद कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, 22 नवंबर को सुबह 9 बजे श्री अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ होगा। 22 एवं 23 नवंबर को रात्रि 7:30 से 9 बजे तक हजूरी रागी जत्थे द्वारा शबद कीर्तन किया जाएगा।
24 नवंबर को मुख्य प्रकाश पर्व समारोह
24 नवंबर मंगलवार को सुबह 9 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति होगी। इसके बाद सुबह 9 से 10 बजे तक हजूरी रागी जत्थे द्वारा शबद कीर्तन, आरती और अरदास की जाएगी।
रात्रि 7:30 बजे से गुरु का अटूट लंगर प्रारंभ होगा। इस अवसर पर विशेष दीवान साहिब का आयोजन भी होगा। दरबार साहिब अमृतसर के हजूरी रागी भाई सुखदेव सिंह द्वारा शाम 7:30 से 9 बजे तक शबद कीर्तन किया जाएगा। इसके बाद रात्रि 9 से 11 बजे तक स्त्री सत्संग द्वारा शबद कीर्तन होगा।
कार्यक्रम के समापन पर आरती, फूलों की वर्षा, अरदास और आतिशबाजी की जाएगी। प्रकाश पर्व को लेकर गुरुद्वारे को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। सभी धार्मिक आयोजन नगरपालिका कार्यालय के सामने स्थित गुरुद्वारे में होंगे।