नीमच के सराफा बाजार में BIS टीम की अचानक दस्तक: ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों पर हॉलमार्किंग की जांच से मचा हड़कंप

भोपाल से पहुंची भारतीय मानक ब्यूरो की टीम ने सोने की शुद्धता और हॉलमार्किंग संबंधी दस्तावेजों की जांच की, कैंट पुलिस की महिला टीम भी रही मौजूद
नीमच। शहर के सराफा बाजार में उस समय हलचल मच गई, जब भोपाल से पहुंची भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की टीम ने ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों पर अचानक जांच कार्रवाई शुरू की। टीम ने सोने की शुद्धता और हॉलमार्किंग से जुड़े मानकों को लेकर विभिन्न सराफा प्रतिष्ठानों की जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से सराफा कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, भोपाल से आई BIS की टीम में आकांक्षा मिश्रा, जांच एवं परीक्षण वैज्ञानिक मोहम्मद तौसीफ तथा संजय कुमार विश्वकर्मा शामिल रहे। टीम के साथ कैंट थाना पुलिस की महिला पुलिसकर्मियों की टीम भी मौजूद रही।
सोने की शुद्धता और हॉलमार्किंग की जांच
जांच के दौरान ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध सोने के आभूषणों की शुद्धता, हॉलमार्किंग और निर्धारित मानकों के पालन से संबंधित पहलुओं को परखा गया। टीम ने हॉलमार्किंग से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की।
BIS की इस कार्रवाई को सोने के आभूषणों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
फिलहाल जांच के दौरान क्या अनियमितताएं सामने आईं और किन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आना शेष है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई की विस्तृत स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।