बेटे को नशा मुक्ति केंद्र में रखने पर विवाद: पिता ने कलेक्टर से लगाई गुहार

केंद्र संचालक पर मुलाकात के बदले 30 हजार रुपये मांगने का आरोप, बेटे को सुरक्षित बाहर निकलवाने की मांग
नीमच। जिले के भरमदिया गांव में पारिवारिक विवाद के बीच एक युवक को उसकी इच्छा और माता-पिता की सहमति के बिना मनासा स्थित निजी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराने का मामला सामने आया है। युवक के पिता ने केंद्र संचालक पर मुलाकात के बदले 30 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। गुरुवार को पीड़ित पिता हरिशचंद्र टेलर ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और बेटे को सुरक्षित बाहर निकलवाने की मांग की।
बहू के मायके पक्ष पर जबरन भर्ती कराने का आरोप
हरिशचंद्र टेलर के अनुसार, उनके बेटे सुनील टेलर और बहू ललिता बाई के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है। इस संबंध में दोनों पक्षों की ओर से थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि इसी विवाद के चलते बहू के मायके पक्ष के लोग सुनील को निजी वाहन से मनासा स्थित नशा मुक्ति केंद्र ले गए और वहां भर्ती करा दिया।
पिता का कहना है कि इस दौरान माता-पिता की सहमति नहीं ली गई और न ही उन्हें इसकी जानकारी दी गई।
पिता और चाचा को मिलने से रोका
बेटे की तलाश के बाद जब हरिशचंद्र अपने भाई मदन के साथ केंद्र पहुंचे तो संचालक ने उन्हें सुनील से मिलने नहीं दिया। पिता ने केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए वहां के माहौल को कैदखाने जैसा बताया।
30 हजार रुपये मांगने का आरोप
शिकायत में हरिशचंद्र ने आरोप लगाया कि केंद्र संचालक ने बेटे से मुलाकात कराने के बदले 30 हजार रुपये की मांग की। पैसे देने पर ही मिलने देने की बात कही गई। विरोध करने पर अमर्यादित व्यवहार और गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
केंद्र के रिकॉर्ड पर भी उठाए सवाल
पिता का दावा है कि प्रशासनिक स्तर पर जानकारी लेने पर केंद्र का कोई वैध रिकॉर्ड सामने नहीं आया। उन्होंने कलेक्टर से मामले की जांच कराने, बेटे को सुरक्षित बाहर निकलवाने तथा केंद्र संचालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब प्रशासनिक जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।