नई विधा — नीमच न्यूज़

एमपी में अचल संपत्तियों की नई कलेक्टर गाइडलाइन पर काम शुरू, बदलाव का बताना होगा कारण: 31 मार्च तक होंगी लागू

स्थानीय · भोपाल · · नई विधा डेस्क

एमपी में अचल संपत्तियों की नई कलेक्टर गाइडलाइन पर काम शुरू, बदलाव का बताना होगा कारण: 31 मार्च तक होंगी लागू

वित्त वर्ष 2027-28 के लिए नई दरें तय करने की प्रक्रिया शुरू, 15 जनवरी तक जिला मूल्यांकन समितियों को प्रस्ताव भेजने के निर्देश

भोपाल। मध्य प्रदेश में वित्त वर्ष 2027-28 के लिए अचल संपत्तियों की कलेक्टर गाइडलाइन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नई गाइडलाइन में यदि किसी क्षेत्र में दरों में वृद्धि या कमी प्रस्तावित की जाती है, तो उसका ठोस औचित्य बताना होगा। इसके लिए जिला मूल्यांकन समितियों को 15 जनवरी 2027 तक अपने प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

महानिरीक्षक पंजीयन आलोक कुमार सिंह ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि जिला मूल्यांकन समितियां निर्धारित प्रारूप में प्रस्तावित दरों और उनसे संबंधित आवश्यक जानकारी व प्रमाण प्रस्तुत करें। 30 जनवरी तक समितियां अंतिम मूल्यांकन को अधिसूचित करने से पहले आम जनता से सुझाव आमंत्रित करेंगी और प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार करेंगी।

15 फरवरी तक केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजेंगे प्रस्ताव

आम जनता से मिले सुझावों पर विचार करने के बाद 15 फरवरी तक अंतिम मूल्यों को केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड के अनुमोदन के लिए भेजना होगा। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद 31 मार्च 2027 तक विभिन्न क्षेत्रों के लिए बाजार मूल्य मार्गदर्शक सिद्धांत जारी कर दिए जाएंगे।

वास्तविक लेन-देन और विकास को बनाया जाएगा आधार

नई गाइडलाइन तैयार करते समय नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में हुए विकास, नई कॉलोनियों और लोकेशन के विस्तार को विशेष रूप से ध्यान में रखा जाएगा। मूल्य निर्धारण में बाजार में हुए वास्तविक लेन-देन और प्रचलित दरों को आधार बनाया जाएगा।

जिन क्षेत्रों में दरों में वृद्धि या कमी प्रस्तावित होगी, वहां उसका औचित्य स्पष्ट रूप से बताना होगा। इसके साथ ही निर्माण लागत की दरें राज्य स्तर पर निर्धारित की गई दरों के अनुरूप रखी जाएंगी।

जिला मूल्यांकन समितियों को दरों में बदलाव और संबंधित स्थानों की जानकारी अलग-अलग देनी होगी।

टैग: मध्यप्रदेश, कलेक्टरगाइडलाइन, संपत्तिकीदरें, प्रॉपर्टी, रजिस्ट्री, भोपाल, Property Guideline, MP News, Bhopal News

और पढ़ें: भोपाल की सभी खबरें · नीमच लोकल न्यूज़ — शहर और गांव की खबरें · नीमच न्यूज़ होम