नई विधा — नीमच न्यूज़

मैराथन से दिया ‘न्याय सबके लिए’ का संदेश: विधिक सेवा सप्ताह का समापन

स्थानीय · नीमच · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

मैराथन से दिया ‘न्याय सबके लिए’ का संदेश: विधिक सेवा सप्ताह का समापन

पुरुष वर्ग में अरुण चौहान रहे अव्वल, बालिका वर्ग में नन्हू मीणा ने मारी बाजी; न्यायालय परिसर में प्रदर्शनी के जरिए बताईं निःशुल्क कानूनी सहायता की योजनाएं

नीमच। न्याय सिर्फ सक्षम और संपन्न लोगों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति को आसानी से मिले, इसी संदेश के साथ बुधवार को नीमच में न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का समापन हुआ। इस अवसर पर भारत माता चौराहे से मैराथन रैली निकाली गई और नवीन जिला न्यायालय परिसर में विधिक सेवा प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक किया गया।

मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 9:30 बजे हुई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष मनीष जोशी सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और अतिथियों ने भी इसमें भाग लिया।

प्रदर्शनी में समझाई कानूनी सहायता की योजनाएं

नवीन जिला न्यायालय परिसर में विधिक सेवा प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने फीता काटकर किया। यहां राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं से जुड़े बैनर, पेम्पलेट, बुकलेट और लीफलेट प्रदर्शित किए गए।

इनके माध्यम से लोगों को बताया गया कि जरूरतमंद पात्र व्यक्ति किस तरह निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं और अपने अधिकारों के लिए विधिक सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।

स्कूलों से लेकर जेल तक चलाए जागरूकता कार्यक्रम

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश विशाल अग्रवाल ने बताया कि पूरे सप्ताह जिले में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें विधिक जागरूकता बाइक रैली, जेल में जागरूकता कार्यक्रम और स्कूल-कॉलेजों में शिविर शामिल रहे। इनका उद्देश्य आमजन और विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों तथा निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया से परिचित कराना था।

मैराथन में विजेताओं को किया सम्मानित

मैराथन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में अरुण चौहान प्रथम, दीपक नायक द्वितीय और हेमंत बंजारा तृतीय रहे। बालिका वर्ग में नन्हू मीणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 12 वर्ष से कम आयु वर्ग में भी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय विजय सिंह कावड़, विशेष न्यायाधीश आलोक कुमार सक्सेना, जिला न्यायाधीश जितेंद्र कुमार बाघेलिया एवं ऋषि मिश्रा सहित न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्यजन उपस्थित रहे।

टैग: नीमच, विधिकसेवासप्ताह, न्यायसबकेलिए, मैराथन, निःशुल्ककानूनीसहायता, जिलान्यायालय, विधिकजागरूकता, Neemuch News

और पढ़ें: नीमच की सभी खबरें · नीमच लोकल न्यूज़ — शहर और गांव की खबरें · नीमच न्यूज़ होम