नई विधा — नीमच न्यूज़

रात 11 बजे के बाद सन्नाटे में नीमच: प्रबुद्ध नागरिकों ने एसपी से पूछे सवाल, क्या दुकानें बंद करने से रुकेंगे अपराध?

स्थानीय · नीमच · · नई विधा डेस्क

रात 11 बजे के बाद सन्नाटे में नीमच: प्रबुद्ध नागरिकों ने एसपी से पूछे सवाल, क्या दुकानें बंद करने से रुकेंगे अपराध?

होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और चाय-नाश्ते के ठेले बंद कराने के फैसले पर पुनर्विचार की मांग, यात्रियों, मरीजों और व्यापारियों की परेशानियों का उठाया मुद्दा

नीमच। शहर में हाल ही में हुए ईशान चौपाटी हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर सहित स्टेट बैंक क्षेत्र और नेशनल हाईवे के ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंट तथा चाय-नाश्ते के ठेलों को रात 11 बजे के बाद बंद करवाया जा रहा है। इस फैसले को लेकर अब शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और व्यापारिक वर्ग ने सवाल उठाते हुए निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की है।

क्या दुकानें बंद करना ही अपराध रोकने का विकल्प है?

प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि अपराधियों पर अंकुश लगाना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन इसके लिए पूरे शहर के रात्रिकालीन जनजीवन और आवश्यक व्यवसायों को बंद कर देना व्यावहारिक समाधान नहीं है।

नागरिकों ने सवाल उठाया है कि रात 11 बजे के बाद ढाबे, होटल और चाय की दुकानें बंद करवाने से क्या अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लग जाएगी? अपराध रोकने के लिए पुलिस की गश्त, निगरानी और प्रभावी कार्रवाई जैसे उपायों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।

यात्रियों और मरीजों की बढ़ती परेशानी

देर रात बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए साधन और चाय-नाश्ते जैसी सुविधाओं की जरूरत होती है। इसी तरह मरीजों और उनके परिजनों को भी देर रात अस्पतालों के आसपास आवश्यक सुविधाओं की जरूरत पड़ती है।

रात 11 बजे के बाद दुकानें बंद होने से यात्रियों, मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

व्यापारियों और रोजगार पर भी असर

व्यापारिक वर्ग का कहना है कि देर रात तक चलने वाले प्रतिष्ठानों से कई लोगों का रोजगार जुड़ा हुआ है। अचानक दुकानें बंद करवाने से व्यापारियों और कर्मचारियों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।

प्रबुद्ध नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी निगरानी और गश्त की व्यवस्था की जाए, लेकिन आम नागरिकों, यात्रियों और व्यापारियों की आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जाए। उनका कहना है कि सुरक्षा और जनसुविधाओं के बीच संतुलन बनाकर उचित निर्णय लिया जाना चाहिए।

टैग: नीमच, Neemuch News, पुलिसप्रशासन, कानूनव्यवस्था, ईशानचौपाटी, व्यापारी, रात्रिकालीनबाजार, यात्रीसुविधा, मध्यप्रदेशसमाचार

और पढ़ें: नीमच की सभी खबरें · नीमच लोकल न्यूज़ — शहर और गांव की खबरें · नीमच न्यूज़ होम