तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का समापन: पांच वर्ष तक के बच्चों को पिलाई गई दो बूंद

जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने किया था शुभारंभ, 22 से 24 नवंबर तक जिलेभर में चलाया गया अभियान
नीमच। जिले में 22 नवंबर से शुरू हुआ राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 24 नवंबर को संपन्न हुआ। तीन दिवसीय अभियान के तहत जिलेभर में पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गईं।
अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ 22 नवंबर को जिला चिकित्सालय नीमच में जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया था। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की थी कि पांच वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाई जाएं।
उन्होंने कहा था कि अभियान को सफल बनाने के लिए शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मीडिया और अभिभावकों की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
जिलेभर में बनाए गए थे टीकाकरण केंद्र
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मनीष यादव ने जानकारी दी कि अभियान के लिए जिले के प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे। वहीं बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और हाई रिस्क क्षेत्रों में ट्रांजिट टीमें तैनात की गई थीं।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। 24 नवंबर को अभियान के अंतिम दिन भी छूटे हुए बच्चों तक पहुंचकर उन्हें पोलियो की दो बूंद पिलाई गईं।
इस अवसर पर मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेंद्र पाटील, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मनीष यादव, जिला स्वास्थ्य संगठन मंत्री के प्रतिनिधि डॉ. ऋषुभ बजाज सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।