नई विधा — नीमच न्यूज़

सड़क चौड़ीकरण की आड़ में एक दर्जन से अधिक पुराने पेड़ काटने का आरोप: जांच की मांग

स्थानीय · चित्तौड़गढ़ · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

सड़क चौड़ीकरण की आड़ में एक दर्जन से अधिक पुराने पेड़ काटने का आरोप: जांच की मांग

मुख्यमंत्री को चौथी बार भेजा ईमेल, संगम महादेव मार्ग पर 100 साल से अधिक पुराने बरगद और अन्य पेड़ों की कटाई का मामला

चित्तौड़गढ़। शहर के रोडवेज बस स्टैंड के सामने स्थित संगम महादेव मार्ग को चौड़ा करने के नाम पर पुराने पेड़ों की कटाई और मोक्ष धाम की दीवार छोटी करने के मामले में जांच की मांग तेज हो गई है। हेरिटेज सिटी प्रेस क्लब के जिला संयोजक मनोहर लाल अग्रवाल ने इस संबंध में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को चौथी बार ईमेल भेजकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

अग्रवाल के अनुसार, मार्ग पर 100 वर्ष से अधिक पुराने बरगद और अन्य पेड़ों के साथ आश्रय स्थल के आसपास एक दर्जन से अधिक विशाल पेड़ों को काटा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण की स्वीकृति गलत आधार पर ली गई थी और बाद में पेड़ों की कटाई की गई।

स्वीकृति पर रोक के बावजूद निर्माण का आरोप

मनोहर लाल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को भेजे ईमेल में बताया कि चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट और पशु चिकित्सालय के बीच संगम महादेव मार्ग को चौड़ा करने के नाम पर नगर परिषद ने तत्कालीन उपखंड अधिकारी से पेड़ काटने की अनुमति ली थी। आरोप है कि यह स्वीकृति गलत आधार पर ली गई थी।

उनका कहना है कि स्वीकृति के पीछे एक व्यावसायिक परिसर को मुख्य सड़क से स्पष्ट दिखाई देने योग्य बनाना उद्देश्य था। जब स्वीकृति देने वाले अधिकारी मौके पर पहुंचे तो उन्हें अनुमति का आधार गलत लगा और उन्होंने काम पर तत्काल रोक लगा दी थी। इसके बावजूद बाद में निर्माण और पेड़ कटाई किए जाने का आरोप लगाया गया है।

सड़क चौड़ी नहीं हुई, अतिक्रमण बढ़ने का आरोप

अग्रवाल का कहना है कि पेड़ कटने के बावजूद संबंधित स्थान पर सड़क की चौड़ाई नहीं बढ़ सकी। इसके बजाय वहां कथित रूप से अवैध बस स्टैंड संचालित होने लगा और गुमटियां भी लगा दी गईं।

उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि नगर परिषद चित्तौड़गढ़ और उपखंड अधिकारी कार्यालय से पूरे मामले की फाइल मंगवाकर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पर्यावरण और बाढ़ के खतरे का हवाला

अग्रवाल ने 27 जुलाई 1992 को चित्तौड़गढ़ में आई भीषण बाढ़ का उल्लेख करते हुए कहा कि अतिक्रमण और अवैध निर्माण के कारण ऐसी स्थिति दोबारा बनने का खतरा हो सकता है। उन्होंने हेरिटेज सिटी प्रेस क्लब द्वारा प्रतिवर्ष 27 जुलाई को बाढ़ दिवस मनाने और संगम महादेव क्षेत्र में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पेड़ों की कटाई, निर्माण कार्य और संबंधित स्वीकृतियों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

टैग: चित्तौड़गढ़, राजस्थान, पेड़कटाई, पर्यावरणसंरक्षण, सड़कचौड़ीकरण, संगममहादेवमार्ग, मनोहरलालअग्रवाल, मुख्यमंत्री, प्रशासनिकजांच, Rajasthan News

और पढ़ें: चित्तौड़गढ़ की सभी खबरें · नीमच लोकल न्यूज़ — शहर और गांव की खबरें · नीमच न्यूज़ होम