शादी का झांसा, 200 महिलाएं निशाने पर!:नीमच का ठग गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़/नीमच, 12 नवंबर। मैट्रिमोनियल ऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर महिलाओं को शादी के जाल में फंसाने वाले एक आरोपी को चित्तौड़गढ़ की सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अलग-अलग नामों से आईडी बनाकर खुद को कुंवारा और बड़े होटल-कैफे का संचालक बताता था। पुलिस जांच में उसके मोबाइल से करीब 200 महिलाओं के साथ चैटिंग की जानकारी सामने आई है।
शादी का झांसा देकर महिला से ऐंठे 70 हजार रुपये
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, 10 नवंबर को एक महिला ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि आरोपी ने जीवनसाथी और मुस्लिम शादी मैट्रिमोनियल ऐप पर अलग-अलग नामों से फर्जी आईडी बनाकर उससे संपर्क किया। खुद को प्रतिष्ठित कारोबारी बताकर शादी का भरोसा दिलाया और करीब 70 हजार रुपये ठग लिए।
विशेष टीम ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के निर्देशन और पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रेमसिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तलाश के बाद आरोपी को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया।
कई नामों से बनाता था फर्जी प्रोफाइल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान सद्दाम उर्फ शानू उर्फ शान, पिता इकबाल हुसैन, निवासी भगवानपुरा, त्रिपूर्ति नगर, नीमच (मध्यप्रदेश), हाल निवासी इंदिरा कॉलोनी, भीमगंज मंडी, कोटा के रूप में हुई है।
आरोपी मैट्रिमोनियल ऐप पर खुद को प्रतिष्ठित कारोबारी और बड़े होटल-कैफे का संचालक बताकर नौकरीपेशा और संपन्न महिलाओं से संपर्क करता था। इसके बाद शादी का भरोसा दिलाकर उनसे पैसे ऐंठने का आरोप है।
मोबाइल में मिली 200 से अधिक महिलाओं की चैटिंग
पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल से जीवनसाथी, मुस्लिम शादी मैट्रिमोनियल ऐप और व्हाट्सएप पर करीब 200 से अधिक महिलाओं के साथ बातचीत की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन महिलाओं को अपने जाल में फंसाने का प्रयास कर रहा था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित ठगी से जुड़े अन्य मामले या पीड़ित महिलाएं भी हैं या नहीं।