मंदसौर: अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना का आरोप, 19 वर्षीय युवती की मौत; पति-पत्नी पर केस दर्ज

वायडी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम धारियाखेड़ी की घटना, 35 वर्षीय इकबाल शेख और उसकी पत्नी पर दुष्कर्म व आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव का रहने वाला इकबाल शेख युवती को कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाकर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। आरोप है कि उसने युवती के अश्लील वीडियो भी बनाए थे। बाद में इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल और प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों का आरोप है कि इकबाल की पत्नी भी इस प्रताड़ना में शामिल थी। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर युवती ने आत्मघाती कदम उठाया।
अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन युवती को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मृत्यु पूर्व बयान और परिजनों के आरोपों के आधार पर केस
वायडी नगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय के अनुसार, युवती के मृत्यु पूर्व बयान और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर इकबाल शेख और उसकी पत्नी के खिलाफ दुष्कर्म तथा आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया है।
बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।