मध्यप्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा की तारीख घोषित, 20 दिसंबर को होगी ऑफलाइन परीक्षा: 34,199 शिक्षकों ने किया आवेदन

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आयोजित होने वाली यह पहली शिक्षक पात्रता परीक्षा होगी। राज्य सरकार को वर्ष 2028 तक शिक्षकों की पात्रता जांच की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत प्रदेश में परीक्षा आयोजित की जा रही है।
13 और 20 दिसंबर में से 20 तारीख तय
परीक्षा आयोजन को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल ने लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय को प्रस्ताव भेजा था। इसमें 13 और 20 दिसंबर की दो संभावित तारीखें रखी गई थीं। लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय की सहमति के बाद 20 दिसंबर को परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
मंडल के सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य ने मंगलवार, 10 नवंबर को परीक्षा की सूचना जारी की। परीक्षा केंद्रों और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे।
करीब डेढ़ लाख शिक्षक दायरे में, आवेदन 34,199
प्रदेश में करीब डेढ़ लाख शिक्षक पात्रता परीक्षा के दायरे में बताए जा रहे हैं, लेकिन अब तक सरकारी और निजी स्कूलों के 34,199 शिक्षकों ने ही आवेदन किया है। इनमें लगभग 20 हजार सरकारी स्कूलों के और करीब 14 हजार निजी विद्यालयों के शिक्षक शामिल हैं।
शिक्षक संगठनों के विरोध के बीच आवेदन करने वालों की संख्या अपेक्षा से कम रही। आवेदन की अंतिम तारीख भी तीन बार बढ़ाई गई, इसके बावजूद बड़ी संख्या में शिक्षकों ने आवेदन नहीं किया।
विरोध के बाद ऑनलाइन की जगह ऑफलाइन परीक्षा
शुरुआत में परीक्षा ऑनलाइन कराने की तैयारी थी। इसके लिए कर्मचारी चयन मंडल को जिम्मेदारी सौंपी गई थी और ऑनलाइन आवेदन भी शुरू कर दिए गए थे।
हालांकि, शिक्षक संगठनों ने ऑनलाइन परीक्षा का विरोध किया। उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थ कई शिक्षकों को कंप्यूटर संचालन में परेशानी हो सकती है। संगठनों ने परीक्षा ऑफलाइन कराने की मांग उठाई।
मामला मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री तक पहुंचने के बाद ऑफलाइन परीक्षा कराने पर सहमति बनी। इसके साथ ही परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी कर्मचारी चयन मंडल से लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल को सौंप दी गई।
माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में सात विषय
माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में सात विषयों के विकल्प दिए गए हैं। प्रत्येक विषय के प्रश्नपत्र में 120 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और कुल 120 अंक निर्धारित किए गए हैं।
हिंदी भाषा – 120 प्रश्न
अंग्रेजी भाषा – 120 प्रश्न
संस्कृत भाषा – 120 प्रश्न
उर्दू भाषा – 120 प्रश्न
गणित – 120 प्रश्न
विज्ञान – 120 प्रश्न
सामाजिक विज्ञान – 120 प्रश्न
प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में 150 प्रश्न
प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का रहेगा। प्रश्नपत्र में पांच विषय शामिल होंगे।
विषय
प्रश्न
अंक
बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र
30
30
भाषा-1
30
30
भाषा-2
30
30
गणित
30
30
पर्यावरण अध्ययन
30
30
कुल
150
150
प्रत्येक प्रश्न में चार विकल्प दिए जाएंगे। उपलब्ध परीक्षा पैटर्न के अनुसार गलत उत्तर पर अंक नहीं काटे जाएंगे यानी निगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं रहेगा।
विस्तृत गाइडलाइन का इंतजार
20 दिसंबर की तारीख घोषित होने के बाद अब परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को माध्यमिक शिक्षा मंडल की विस्तृत गाइडलाइन का इंतजार है। इसमें परीक्षा केंद्र, प्रवेश पत्र, परीक्षा संबंधी नियम और अन्य जरूरी जानकारियां जारी की जाएंगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा से जुड़ी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी गई है।