नीमच जिले में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई: 6 चालू भट्टियां नष्ट

475 किलो महुआ लहान और 18 लीटर अवैध शराब जब्त; जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 52 हजार रुपये बताई गई।
कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध शराब बनाने में उपयोग की जा रही 6 चालू भट्टियों को नष्ट किया। मौके से 18 लीटर हाथभट्टी मदिरा और 475 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया। जब्त सामग्री एवं मदिरा निर्माण से संबंधित सामान की अनुमानित कीमत करीब 52 हजार रुपये बताई गई है।
कई गांवों में दी गई दबिश
आबकारी विभाग की टीम ने नीमच पूर्व क्षेत्र के ग्राम अरनिया बोराना, कानावटी, जेतपुरा और पालसोड़ा सहित नीमच पश्चिम क्षेत्र के गांवों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अवैध मदिरा निर्माण के संभावित ठिकानों की जांच कर कार्रवाई की गई।
आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. दांगी के अनुसार कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 4 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा।
कार्रवाई में जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. दांगी के निर्देशन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. सिंघाड़ा के नेतृत्व में टीम शामिल रही। टीम में आबकारी उपनिरीक्षक संजय कुमार कंवारे, पंकज राठौड़, दीपक आनंग, आबकारी मुख्य आरक्षक गोपाल शर्मा तथा आबकारी आरक्षक आकाश सिंह, विजय यादव, विलास डामिया, महेश मेहते और सुखी भाटिया सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।