नीमच में लोकायुक्त का छापा!:3 हजार लेते कमांडेंट गिरफ्तार!

नीमच। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने नीमच में बड़ी ट्रैप कार्रवाई की है। टीम ने होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को 3 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद होमगार्ड विभाग में हड़कंप मच गया।
ड्यूटी लगाने के बदले हर महीने मांगी जा रही थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होमगार्ड सैनिक महेश थोरचा ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरटीओ बैरियर नयागांव पर ड्यूटी लगाने के एवज में प्रतिमाह 3 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि रिश्वत की मांग डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से की जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायतकर्ता ने 10 नवंबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया था। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। आरोपों की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
3 हजार रुपये लेते ही लोकायुक्त ने पकड़ा
इसी योजना के तहत 12 नवंबर को डीएसपी राजेश पाठक के नेतृत्व में लोकायुक्त टीम नीमच पहुंची। कार्रवाई के दौरान डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा सहित लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
होमगार्ड विभाग में मचा हड़कंप
लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद होमगार्ड विभाग में हलचल मच गई है। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। ड्यूटी पर तैनाती के बदले हर महीने रिश्वत मांगने के आरोपों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं।