नई विधा — नीमच न्यूज़

कार में नशे की दोहरी खेप लेकर जा रहे चार तस्कर गिरफ्तार: मुख्य सप्लायर फरार

अपराध · मंदसौर · · नई विधा डेस्क

कार में नशे की दोहरी खेप लेकर जा रहे चार तस्कर गिरफ्तार: मुख्य सप्लायर फरार

90 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा जब्त, मंदसौर से जोधपुर तक फैली सप्लाई चेन का खुलासा

मंदसौर। नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नई आबादी थाना पुलिस ने एक कार से एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा की तस्करी कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 90 ग्राम एमडी ड्रग्स, 5 किलो डोडाचूरा, टाटा टियागो कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, जब्त नशीले पदार्थों की कीमत करीब 9 लाख 10 हजार रुपये तथा वाहन और मोबाइल की कीमत करीब 14 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है।

भालोट फंटे के पास घेराबंदी कर पकड़ी कार

मुखबिर से सूचना मिली थी कि खानपुरा मंदसौर निवासी वसीम उर्फ गोलू (24) और जावरा निवासी मोहम्मद शब्बीर उर्फ शहनवाज (26) टाटा टियागो कार में नशीले पदार्थ लेकर जावरा की ओर से मंदसौर आ रहे हैं। दोनों मंदसौर बायपास पर राजस्थान के तस्करों को नशे की खेप सौंपने वाले थे।

सूचना पर पुलिस ने भालोट फंटे के पास घेराबंदी कर कार को रोका। तलाशी में एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

जोधपुर के दो खरीदार भी गिरफ्तार

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे की यह खेप राजस्थान के जोधपुर निवासी विक्रम सिंह (32) और गणपत राम जाट (32) को सौंपने वाले थे। पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह कार्रवाई में कुल चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए।

इंद्रा कॉलोनी का सप्लायर फरार

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा मंदसौर की इंद्रा कॉलोनी स्थित झुग्गी बस्ती में रहने वाला अप्पी उर्फ अफरीद उपलब्ध कराता था। पुलिस के अनुसार, अप्पी ही आरोपियों को नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था। फिलहाल वह फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौड़ ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

टैग: मंदसौर, नशातस्करी, एमडी, ड्रग्स, डोडाचूरा, पुलिसकार्रवाई, NDPS Act, Mandsaur Police, राजस्थान, Mandsaur News

और पढ़ें: मंदसौर की सभी खबरें · नीमच क्राइम न्यूज़ — अपराध और पुलिस की खबरें · नीमच न्यूज़ होम