मनासा के महेशपुरिया तालाब में अवैध जल पंपिंग पकड़ी: दो मोटर पंप हटवाए

बिना अनुमति तालाब से पानी खींच रहे थे मोटर पंप, प्रशासन ने मौके पर कार्रवाई कर अवैध जल पंपिंग बंद करवाई
नीमच। जिले में जल स्रोतों से अवैध रूप से पानी की पंपिंग रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत मनासा के सीईओ ने ग्राम पंचायत खुमलिया के ग्राम महेशपुरिया में तालाब का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान तालाब से बिना अनुमति पानी खींचते हुए दो मोटर पंप संचालित पाए गए।
मौके पर हटवाए दोनों मोटर पंप
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीईओ ने ग्राम पंचायत सचिव एवं सहायक सचिव को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पंचायत की टीम ने मौके पर ही दोनों मोटर पंप हटवा दिए और तालाब से की जा रही अवैध जल पंपिंग बंद करवाई।
जल स्रोतों के अनधिकृत उपयोग पर निगरानी
प्रशासन द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों के अनधिकृत उपयोग पर निगरानी रखी जा रही है। अभियान के तहत बिना अनुमति मोटर पंप संचालित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है, ताकि तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों का उपयोग नियमानुसार सुनिश्चित किया जा सके।