नई विधा — नीमच न्यूज़

आधी रात तीन थाना क्षेत्रों में पुलिस की नाकाबंदी: 57.8 किलो डोडाचूरा और 18 ग्राम एमडी के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

अपराध · नीमच · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

आधी रात तीन थाना क्षेत्रों में पुलिस की नाकाबंदी: 57.8 किलो डोडाचूरा और 18 ग्राम एमडी के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

नीमच से पंजाब तक जुड़ सकते हैं तस्करी के तार, कार और ट्रक से बरामद हुई मादक पदार्थों की खेप

नीमच। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने 21-22 नवंबर की दरमियानी रात कॉम्बिंग गश्त और वाहन चेकिंग के दौरान तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। नीमच कैंट, जीरन और जावद पुलिस ने अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 57 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा और 18 ग्राम एमडी जब्त की है। कार्रवाई में एक कार और एक ट्रक भी जब्त किया गया है।

नीमच कैंट: डोडाचूरा और एमडी के साथ आरोपी गिरफ्तार

पहली कार्रवाई नीमच कैंट थाना क्षेत्र में पुरानी नगरपालिका के पास गोपाल बालाजी मंदिर के निकट हुई। यहां पुलिस को एक युवक संदिग्ध स्थिति में प्लास्टिक का कट्टा लेकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 7 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा और 18 ग्राम एमडी बरामद हुई।

आरोपी की पहचान दिलशाद उर्फ निक्क (27), निवासी भादवामाता चौराहा, नीमच सिटी के रूप में हुई है।

जीरन: कार से 30 किलो डोडाचूरा बरामद

दूसरी कार्रवाई जीरन पुलिस ने बेकयाराला फंटा स्थित फोरलेन पर वाहन चेकिंग के दौरान की। पुलिस ने सिल्वर रंग की हुंडई कार (DL 10 CA 2365) को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की। पुलिस ने स्टॉपर लगाकर कार रुकवाई। तलाशी में कार की डिक्की से दो काले कट्टों में कुल 30 किलो डोडाचूरा मिला।

कार सवार सचिन पाटीदार (21), निवासी ग्राम थड़ा, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) और प्रवेश पाटीदार (30), निवासी ग्राम सुपड़ा, जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया गया।

जावद: ट्रक से 20 किलो डोडाचूरा जब्त

तीसरी कार्रवाई जावद पुलिस ने निम्बाहेड़ा हाईवे पर फोरलेन रेलवे फाटक के पास की। नीमच की तरफ से आ रहे पंजाब नंबर के ट्रक (PB 11 CP 4545) के चालक ने पुलिस की नाकाबंदी देखकर ट्रक भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक रुकवाया और तलाशी ली। ट्रक से एक पीले प्लास्टिक के कट्टे में 20 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।

ट्रक चालक जरनैल सिंह (40), निवासी उमेदपुर, जिला लुधियाना (पंजाब) को गिरफ्तार किया गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज

तीनों थाना क्षेत्रों में चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में एएसपी हेमलता अग्रवाल, सीएसपी किरण चौहान और जावद एसडीओपी हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में संबंधित थानों की टीमों की भूमिका रही।

टैग: Neemuch, Neemuch Police, Drug Smuggling, Doda Chura, NDPS Act, Police Action, Madhya Pradesh News, नीमच, नशातस्करी, पुलिसकार्रवाई

और पढ़ें: नीमच की सभी खबरें · नीमच क्राइम न्यूज़ — अपराध और पुलिस की खबरें · नीमच न्यूज़ होम