नई विधा — नीमच न्यूज़

कृषि दवा दुकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार: 1.19 लाख रुपए बरामद; हत्या-लूट सहित 10 मामले दर्ज

अपराध · मंदसौर · · नई विधा डेस्क

कृषि दवा दुकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार: 1.19 लाख रुपए बरामद; हत्या-लूट सहित 10 मामले दर्ज

मंदसौर में सेंधमारी कर नकदी और सामान चुराया था, पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल, औजार और अन्य सामग्री भी जब्त की

मंदसौर। अफजलपुर पुलिस ने कृषि दवा की दुकान में सेंधमारी कर नकदी और सामान चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 लाख 19 हजार रुपए नकद सहित मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या और लूट सहित कुल 10 मामले दर्ज होना बताया गया है।

दुकान का ताला तोड़कर की थी चोरी

पुलिस के अनुसार, घटना 20 नवंबर की रात की है। अफजलपुर स्थित एक कृषि दवा की दुकान में आरोपी सेंध लगाकर अंदर घुसा और गल्ला तोड़कर नकदी व कीमती सामान चोरी कर ले गया। दुकानदार ने 21 नवंबर को अफजलपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया।

CCTV फुटेज और पूछताछ से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और पुराने बदमाशों से पूछताछ की। इसी दौरान नई आबादी अफजलपुर निवासी सोहलाल उर्फ सोनू पिता मृतलाल मेघवाल (35) पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।

नकदी और चोरी का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से 1 लाख 19 हजार रुपए नकद, 30 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन, 6 हजार रुपए का इलेक्ट्रिक टाइल कटर और 3 हजार रुपए का दवाई छिड़कने वाला स्प्रे पंप बरामद किया। इसके साथ ही ताला तोड़ने में इस्तेमाल की गई लोहे की फावड़ी और दरांता भी जब्त किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या और लूट सहित कुल 10 मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

टैग: Mandsaur, Afzalpur Police, Theft Case, Police Action, Madhya Pradesh News, Crime News, कृषिदवा, मंदसौर, पुलिसकार्रवाई

और पढ़ें: मंदसौर की सभी खबरें · नीमच क्राइम न्यूज़ — अपराध और पुलिस की खबरें · नीमच न्यूज़ होम