मेड़की-अठाना रोड पर पुलिस की नाकाबंदी: ऑल्टो कार से 52 किलो डोडाचूरा जब्त

जोधपुर के दो युवक गिरफ्तार, तीन प्लास्टिक बोरों में भरकर ले जा रहे थे मादक पदार्थ; एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज
नीमच। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जावद पुलिस ने मेड़की-अठाना रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक ऑल्टो कार से 52 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने कार में सवार राजस्थान के दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को मेड़की-अठाना मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान राजस्थान नंबर की ऑल्टो कार क्रमांक RJ-39-CA-5912 को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की और अंदर रखे तीन प्लास्टिक बोरों से कुल 52 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और कार जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जोधपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश विश्नोई (28), निवासी उचियारड़ा विश्नोइयों की ढाणी, थाना एयरपोर्ट, जिला जोधपुर तथा मनीष विश्नोई (19), निवासी ग्राम राजपुरिया, थाना लूणी, जिला जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई में जावद थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन सहित पुलिस टीम की भूमिका रही। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।