रतलाम में जुआ खेलते 9 जुआरी गिरफ्तार: 1.85 लाख रुपये नकद बरामद

भागने की कोशिश में दो आरोपियों के पैर में लगे कंटीले तार, तीन वाहन और जुआ खेलने की सामग्री जब्त
रतलाम। शहर के लालूवाड़ी गांव में शुक्रवार रात जुए के अड्डे पर दबिश देने पहुंची पुलिस को देखकर जुआरी भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में 1 लाख 85 हजार रुपये नकद, ताश के पत्ते, तीन वाहन और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई। भागने के दौरान दो आरोपियों के पैर कंटीले तारों में उलझने से उन्हें चोटें आईं।
मंदिर के पास शेड में चल रहा था जुआ
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात डीजी नगर थाना क्षेत्र के लालूवाड़ी गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद डीजी नगर और माणकचौक थाने की संयुक्त टीम बनाई गई। रात करीब 12 बजे पुलिस ने दबिश दी। टीम में डीजी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव और माणकचौक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान भी शामिल थे।
पुलिस को देखते ही जुआरी भागने लगे। इस दौरान दो आरोपी गिरकर कंटीले तारों में उलझ गए, जिससे उनके पैरों में चोट आई। पुलिस ने मौके से कुल 9 लोगों को पकड़ा। इनमें जुआ अड्डे का संचालन करने वाला राजू टांक (40) और पीयूष जैन (35) भी शामिल हैं।
1.85 लाख रुपये और तीन वाहन जब्त
पुलिस ने मौके से 1 लाख 85 हजार रुपये नकद, ताश के पत्ते, बैटरी, हेलोजन लाइट और वायर जब्त किए। इसके अलावा बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी, MP 43 DM 3268 नंबर की बाइक और गुजरात नंबर की कार GJ 19 AF 2965 भी जब्त की गई।
पकड़े गए आरोपियों में रतलाम के अलावा धार और झाबुआ जिले के निवासी भी शामिल हैं।
कोर्ट ले जाते समय पुलिस वाहन हुआ खराब
कार्रवाई के बाद आरोपियों को कोर्ट ले जाने के दौरान पुलिस वाहन बाजना बस स्टैंड के पास खराब हो गया। इसके बाद पुलिसकर्मी आरोपियों को कुछ दूरी तक पैदल लेकर चले। बाद में दूसरा वाहन आने पर सभी को उसमें बैठाकर कोर्ट पहुंचाया गया।
डीजी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव के मुताबिक, सभी 9 आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पहले भी अवैध शराब और मारपीट के मामले दर्ज हैं।