हॉलैंड से आए 11 सदस्यीय विदेशी दल ने किए भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन: व्यासपीठ का पूजन कर लिया आशीर्वाद

66वें प्रतिष्ठा पटोत्सव के दौरान विदेशी मेहमानों ने की सहभागिता, मंदिर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां जारी
मंदसौर। भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव के 66वें एवं 20 दिवसीय प्रतिष्ठा पटोत्सव पर्व के अंतर्गत धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में हॉलैंड (नीदरलैंड) से आए 11 सदस्यीय विदेशी मेहमानों के दल ने मंदसौर पहुंचकर भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने व्यासपीठ का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
विदेशी मेहमानों का स्वागत किया गया तथा उन्हें भगवान पशुपतिनाथ की तस्वीरें भेंट की गईं। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक गतिविधि में केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ नीमच के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।
धार्मिक आयोजन में श्रद्धालु ले रहे धर्मलाभ
श्री पशुपतिनाथ धार्मिक एवं सामाजिक सेवा संस्थान के पं. श्रीकृष्ण ब्रह्म शास्त्री एवं सदस्यों द्वारा विद्यालय के लिए भगवान श्री पशुपतिनाथ की आकर्षक तस्वीर भेंट की गई। विद्यालय परिवार ने संस्थान के इस प्रयास की सराहना की।
पटोत्सव के अंतर्गत कथा व्यास पं. शिवम शर्मा के मुखारविंद से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जा रहा है। श्रद्धालु भक्तजन भावपूर्वक कथा श्रवण कर धर्मलाभ ले रहे हैं।
युवाचार्य मणि महेश चैतन्य महाराज एवं भागवताचार्य पं. श्रीकृष्ण ब्रह्म शास्त्री (मालवा स्वामी) के सानिध्य में 20 दिवसीय प्रतिष्ठा पटोत्सव पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। संस्थान का उद्देश्य भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव की महिमा और धार्मिक संस्कृति का प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक लोगों को धर्म एवं आध्यात्मिकता से जोड़ना है।