नई विधा — नीमच न्यूज़

तीन बेटों ने मां को घर से निकाला: तीन बेटियों ने अर्थी को कंधा देकर निभाया आखिरी फर्ज

ब्रेकिंग न्यूज़ · मनासा · · नई विधा डेस्क

तीन बेटों ने मां को घर से निकाला: तीन बेटियों ने अर्थी को कंधा देकर निभाया आखिरी फर्ज

92 वर्षीय गट्टूबाई की कहानी ने झकझोरा समाज का जमीर, करीब 10 वर्षों तक बेटियों ने की सेवा; अंतिम विदाई में भी बेटियां बनीं मां का सहारा

मनासा। जिस मां ने अपनी पूरी जिंदगी बच्चों की परवरिश और उनका भविष्य संवारने में लगा दी, उसी मां को बुढ़ापे में सहारे की जरूरत पड़ी तो उसकी तीन बेटियां आगे आईं। मंदसौर जिले के नारायणगढ़ निवासी 92 वर्षीय गट्टूबाई पति बद्रीदास बैरागी की अंतिम यात्रा में उनकी तीन बेटियों ने अर्थी को कंधा देकर आखिरी फर्ज निभाया। करीब दस वर्षों तक मां की देखभाल करने वाली बेटियों का यह कदम वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया।

गट्टूबाई के तीन बेटे विनोद बैरागी, दिनेश बैरागी और सुरेश बैरागी थे। वहीं उनकी बेटियां विद्या बाई बैरागी निवासी आंतरी माताजी, रेखा बाई बैरागी और मधुबाला बाई बैरागी निवासी जीरन हैं। बेटियों के अनुसार, पिता के निधन के बाद कथित तौर पर बेटों ने मां को घर से बाहर कर दिया था। इसके बाद तीनों बेटियों ने मां को अपने पास रखा और करीब दस वर्षों तक उनकी देखभाल की।

## बेटियों ने दस वर्षों तक संभाली मां की जिम्मेदारी

बेटियों ने बताया कि मां की बढ़ती उम्र के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी बढ़ती गई। दवाई, इलाज, खानपान और रोजमर्रा की जरूरतों का ध्यान तीनों बेटियों ने मिलकर रखा। उन्होंने अंतिम समय तक मां का साथ नहीं छोड़ा।

## सेवा का भरोसा देकर ले गए मां, फिर वापस छोड़ने का आरोप

बेटियों के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले छोटे बेटे विनोददास बैरागी गांव के कुछ वरिष्ठ लोगों के साथ बहन विद्या बाई के घर पहुंचे। उन्होंने मां को वापस ले जाने की इच्छा जताई और उनकी सेवा करने का भरोसा दिलाया। इस आश्वासन पर गट्टूबाई उनके साथ चली गईं।

हालांकि, बेटियों का आरोप है कि मां को साथ ले जाने के बाद घर अपने नाम करवाया गया और फिर विनोददास उन्हें वापस अपनी बेटी मधुबाला बाई के पास जीरन छोड़ गए। इसके बाद गट्टूबाई फिर बेटियों के साथ रहने लगीं और बेटियों ने उनकी देखभाल जारी रखी।

## तीन बेटों के बावजूद बेटियों ने उठाई मां की अर्थी

24 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे नीमच जिले की मनासा तहसील के ग्राम आंतरी माताजी स्थित मुक्तिधाम पर गट्टूबाई का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनकी तीनों बेटियों ने आगे बढ़कर मां की अर्थी को कंधा दिया। भांजों ने भी अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई।

तीनों बेटियों ने मां की अंतिम यात्रा में जिस तरह अपनी जिम्मेदारी निभाई, उसने रिश्तों और सामाजिक सोच पर सवाल खड़े किए। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए भावुक कर देने वाला रहा।

## समाज के जिला अध्यक्ष ने जताया दुख

वैष्णव समाज के जिला अध्यक्ष नरेंद्र बैरागी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए आत्ममंथन का विषय है। उन्होंने कहा कि तीनों बेटियों ने दस वर्षों तक मां की सेवा की और अंतिम समय में अर्थी को कंधा देकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

टैग: मनासा, नीमच, मंदसौर, गट्टूबाई, बेटियां, मांकीसेवा, अंतिमसंस्कार, वैष्णवसमाज, सामाजिकसमाचार, Madhya Pradesh News

और पढ़ें: मनासा की सभी खबरें · नीमच ब्रेकिंग न्यूज़ — आज की बड़ी खबरें · नीमच न्यूज़ होम