जावद में ज्वेलर्स की दुकान से आभूषण और नकदी चोरी करने वाले नौकर :को 2 साल का कारावास

विश्वास का फायदा उठाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में न्यायालय ने सुनाई सजा, आरोपी पर 2,500-2,500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया
जावद। ज्वेलर्स की दुकान में विश्वास का फायदा उठाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने वाले नौकर को न्यायालय ने दो वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी जावद श्रीमती शुभा शिवहरे ने आरोपी पंकज पिता नरेंद्र कुमार बिकानेरिया (38), निवासी श्याम बिहार कॉलोनी, रतलाम रोड, जावद को भारतीय दंड संहिता की धारा 381 एवं 408 के तहत दो-दो वर्ष के सश्रम कारावास और 2,500-2,500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
18 वर्षों से दुकान पर कर रहा था काम
प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी करने वाले सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी सुखराम गरवाल ने बताया कि फरियादी राजेश सोनी की जावद स्थित 19 रेन वाली गली में एमएल ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। यहां सोने-चांदी के आभूषणों का निर्माण और विक्रय किया जाता है।
आरोपी पंकज करीब 18 वर्षों से दुकान पर काम कर रहा था। लंबे समय से कार्यरत होने के कारण फरियादी और उसके परिवार का उस पर विश्वास था। इसी विश्वास के चलते कई बार फरियादी दुकान की जिम्मेदारी आरोपी को सौंपकर बाहर चले जाते थे। आरोपी दुकान में आभूषणों की देखरेख के साथ बहीखाते का काम भी संभालता था।
डीवीआर रिकॉर्डिंग से सामने आई चोरी की गतिविधियां
फरियादी के अनुसार, वर्ष 2021-22 में दुकान में नया डीवीआर लगाने के बाद पुराने डीवीआर की रिकॉर्डिंग देखने पर आरोपी द्वारा सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने की गतिविधियां सामने आईं। वहीं वर्ष 2023-24 के दौरान दुकान के हिसाब-किताब और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की जांच में भी आभूषणों एवं नकदी में कमी पाई गई।
आरोप है कि आरोपी ने टालमटोल करना शुरू कर दिया और बिना हिसाब दिए काम छोड़कर चला गया। इसके बाद उसने पास में ही अपनी सोने-चांदी की नई दुकान खोल ली।
पुलिस में शिकायत के बाद दर्ज हुआ प्रकरण
फरियादी ने बताया कि आरोपी और उसके पिता ने समाज के लोगों के सामने चोरी की रकम की भरपाई के रूप में 10 लाख रुपये देने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन राशि और आभूषण वापस नहीं किए गए। इसके बाद फरियादी ने 16 मार्च 2026 को थाना जावद में आवेदन दिया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच के बाद न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया।
सीसीटीवी फुटेज सहित साक्ष्य किए प्रस्तुत
न्यायालय में विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष ने फरियादी एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्षियों के बयान तथा सीसीटीवी फुटेज जैसे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य प्रस्तुत किए। अपराध प्रमाणित पाए जाने पर न्यायालय ने आरोपी को उक्त सजा सुनाई।
प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी सुखराम गरवाल ने की।