जावद में मेडिकल संचालक के साथ मारपीट: पांच आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

चार लाख रुपए के चेक को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, फरियादी राजेश पिता बिजेंद्र सिंह राठौर (45), निवासी जावद, मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि करीब एक वर्ष पहले उन्होंने किशोर के पिता कन्हैयालाल को चार लाख रुपए उधार दिए थे। इसकी अवधि पूरी होने पर किशोर की ओर से चार लाख रुपए का चेक दिया गया।
फरियादी के अनुसार, उन्होंने चेक बैंक में जमा कराया और राशि अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ।
घर पहुंचकर मारपीट करने का आरोप
राजेश के अनुसार, 27 अक्टूबर को करीब दोपहर एक बजे कन्हैयालाल धाकड़, उनका बेटा किशोर, पत्नी, संजय माली और एक अन्य व्यक्ति उनके घर पहुंचे। आरोप है कि चेक और खाते में पैसे आने को लेकर आरोपियों ने उनके साथ विवाद किया और मारपीट की।
फरियादी ने आरोप लगाया कि कन्हैयालाल ने हाथ में पहने ताले से उनके सिर पर वार किया, जिससे चोट आई। वहीं, किशोर और उसकी पत्नी ने भी हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के सदस्यों के साथ भी मारपीट किए जाने की शिकायत की गई है।
पुलिस ने पांच आरोपियों पर दर्ज किया केस
घटना के बाद फरियादी ने जावद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस सभी पहलुओं और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।