शॉर्ट सर्किट से होर्डिंग में लगी आग, हुड़को कॉलोनी में केबलें जलीं: फायर ब्रिगेड ने बुझाई

नीमच। शहर की हुड़को कॉलोनी क्षेत्र में बुधवार रात बिजली के पोल पर शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पोल पर लगे छोटे होर्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और पास से गुजर रही बिजली की केबलों तक पहुंच गईं। घटना के बाद क्षेत्र के रहवासियों में हड़कंप मच गया।
आग देखकर घरों से बाहर निकले रहवासी
पोल से आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने तत्काल नगर पालिका की फायर ब्रिगेड और बिजली कंपनी को सूचना दी। दमकल के पहुंचने से पहले फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग बढ़ती गई। इसके बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
बिजली सप्लाई बंद कर केबलों की जांच
आग की सूचना मिलने पर बिजली कंपनी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एहतियात के तौर पर क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कर दी, ताकि क्षतिग्रस्त केबलों की जांच की जा सके। इसके बाद केबलों को ठीक कर बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू कर दी गई।
समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।