सार्वजनिक प्याऊ के नामांतरण पर विवाद, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन: अध्यक्ष बोले- प्याऊ पूरी तरह सुरक्षित

निजी भूमि और सार्वजनिक प्याऊ अलग-अलग होने का दावा, प्रभारी सीएमओ ने जनहित में नामांतरण आवेदन निरस्त करने की कही बात
सिंगोली। नगर परिषद सिंगोली के पुराने कार्यालय के बाहर स्थित प्राचीन सार्वजनिक प्याऊ के नामांतरण को लेकर विवाद गहरा गया है। गुरुवार को नगर के नागरिकों और ग्रामीणों ने नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के नाम ज्ञापन सौंपा और नामांतरण प्रक्रिया पर आपत्ति जताई। मामले में नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश कुमार बगड़ा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि सार्वजनिक प्याऊ पूरी तरह सुरक्षित है। नामांतरण का प्रकरण प्याऊ का नहीं, बल्कि जमनेश नागोरी के निजी स्थान से संबंधित है।
नामांतरण विज्ञप्ति के क्रमांक 35 पर आपत्ति
ग्रामीणों ने 5 नवंबर 2026 को जारी नामांतरण विज्ञप्ति के क्रमांक 35 पर आपत्ति दर्ज कराई। ज्ञापन में आशंका जताई गई कि दशकों पुरानी सार्वजनिक प्याऊ का म्यूटेशन नामांतरण 'साहित्य मंदिर' के नाम से कराने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने दस्तावेजों में हेराफेरी किए जाने के आरोप भी लगाए और पूर्व के भूमि विक्रय प्रकरणों में न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए प्याऊ को विधिवत सार्वजनिक घोषित करने की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांग पर उचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में जन आंदोलन किया जाएगा।
निजी स्थान और प्याऊ अलग-अलग होने का दावा
नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश कुमार बगड़ा ने कहा कि नामांतरण विज्ञप्ति में उल्लेखित भूमि जमनेश नागोरी के निजी स्थान से संबंधित है। इसका सार्वजनिक प्याऊ की भूमि से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्याऊ के अस्तित्व और उसके सार्वजनिक स्वरूप पर कोई संकट नहीं है। यह प्याऊ आमजन की सुविधा के लिए बनाई गई सार्वजनिक प्याऊ है और निजी स्थान से संबंधित नामांतरण प्रक्रिया अलग है।
जनहित में निरस्त होगा आवेदन
ग्रामीणों से ज्ञापन प्राप्त होने के बाद प्रभारी सीएमओ ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। नगर के सार्वजनिक हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित नामांतरण आवेदन निरस्त किया जाएगा।
फिलहाल ग्रामीणों की आपत्ति और नगर परिषद अध्यक्ष के स्पष्टीकरण के बाद मामले में प्रशासनिक कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।