नई विधा — नीमच न्यूज़

रात से दिन तक मंडियों में पहुंचीं उप संचालक, किसानों की शिकायतों पर उठे सवाल: आदत और हम्माली की वसूली पर भी हुई चर्चा

कृषि · नीमच · · नई विधा डेस्क

रात से दिन तक मंडियों में पहुंचीं उप संचालक, किसानों की शिकायतों पर उठे सवाल: आदत और हम्माली की वसूली पर भी हुई चर्चा

नीमच, जावद और मनासा मंडियों का किया निरीक्षण, औषधीय फसलों के कारोबार को बताया खासियत; नई-पुरानी मंडी की दूरी और रास्तों पर संकेतक बोर्ड नहीं होने से किसानों की परेशानी आई सामने

नीमच। मंडियों में किसानों को मिलने वाली सुविधाएं कागजों में कितनी बेहतर हैं और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति क्या है, इसकी पड़ताल करने उज्जैन मंडी बोर्ड की उप संचालक प्रवीणा चौधरी नीमच पहुंचीं। उन्होंने केवल औपचारिक निरीक्षण तक दौरा सीमित नहीं रखा, बल्कि रात से लेकर दिन तक मंडियों में चलने वाली गतिविधियों को करीब से देखा।

इस दौरान नीमच, जावद और मनासा कृषि उपज मंडियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उनके साथ अनिल परिहार और दीपक धनावत भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान फसलों की आवक, नीलामी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था और किसानों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई। नीमच मंडी में औषधीय फसलों और बोनचूर्ण के बड़े कारोबार को अधिकारियों ने मंडी की विशेष पहचान बताया।

किसानों से जुड़ी समस्याएं भी आईं सामने

व्यवस्थाओं को देखने के साथ किसानों से जुड़ी समस्याओं के मुद्दे भी सामने आए, जिनका समाधान लंबे समय से अपेक्षित है। किसानों ने आदत प्रथा और हम्मालों द्वारा कथित अवैध वसूली को लेकर सवाल उठाए। इस पर चर्चा हुई, हालांकि उप संचालक प्रवीणा चौधरी का कहना था कि निरीक्षण के दौरान उन्हें ऐसी कोई गड़बड़ी नजर नहीं आई। ऐसे में किसानों की ओर से उठाए गए सवालों और निरीक्षण में सामने आई स्थिति की वास्तविकता की पड़ताल जरूरी है।

मंडी तक पहुंचने का रास्ता भी बना परेशानी

निरीक्षण के दौरान एक व्यावहारिक समस्या भी सामने आई। नई और पुरानी मंडी के बीच अधिक दूरी होने से किसानों को आवागमन में परेशानी होती है। वहीं मंडी तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त संकेतक बोर्ड नहीं होने के कारण बाहर से आने वाले किसानों को सही मार्ग तलाशने में दिक्कत होती है।

इस समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिस पर उप संचालक ने आवश्यक स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगवाने का आश्वासन दिया।

निरीक्षण के बाद अब कार्रवाई का इंतजार

नीमच जिले की तीनों प्रमुख मंडियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी तो ली गई, लेकिन असली कसौटी निरीक्षण के बाद होने वाली कार्रवाई होगी। आदत प्रथा, हम्मालों की कथित वसूली और किसानों की आवाजाही जैसी समस्याओं पर ठोस समाधान निकलता है या ये मुद्दे निरीक्षण तक ही सीमित रह जाते हैं, इस पर किसानों की नजर रहेगी।

मंडी भाव: आज का मनासा मंडी भाव

टैग: Neemuch, Jawad Mandi, Manasa Mandi, Mandi Inspection, Farmers Issues, Agriculture, Neemuch News, Madhya Pradesh

और पढ़ें: नीमच की सभी खबरें · नीमच कृषि समाचार — किसान, फसल और मंडी की खबरें · नीमच न्यूज़ होम