मंडी में प्याज की बंपर आवक से किसानों की मुश्किलें बढ़ीं: बिक्री के लिए 4 दिन का इंतजार

सड़कों तक पहुंची उपज, ठंड में रात गुजारने को मजबूर किसान; एक सप्ताह में 800 से 1,000 रुपये तक गिरे भाव
नीमच। चंगेरा स्थित नई कृषि उपज मंडी में प्याज की बंपर आवक किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। हालात यह हैं कि उपज बेचने के लिए किसानों को तीन से चार दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। मंडी परिसर में जगह कम पड़ने से प्याज के ढेर छप्परों के बाहर और आवाजाही वाली सड़कों तक जमा हो गए हैं।
तुलाई में देरी के चलते किसानों को कड़ाके की ठंड में मंडी परिसर में ही रात गुजारनी पड़ रही है। किसान दिग्विजय सिंह आमलीखेड़ा ने बताया कि उनका ट्रैक्टर घर से निकलने के चार दिन बाद भी प्याज नहीं बिक पाया। दो दिन पहले ट्रैक्टर मंडी में खाली कराया गया, लेकिन बुधवार तक तुलाई के लिए नंबर नहीं आया।
किसानों का कहना है कि छुट्टियों और रविवार को भी खरीदारी के दावों के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं दिख रहा है।
एक सप्ताह में 1,000 रुपये तक गिरे भाव
दीपावली से पहले प्याज 4,000 से 4,500 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही थी, जो अब घटकर 3,200 से 3,500 रुपये प्रति क्विंटल रह गई है। खरीदारों की कमी और तुलाई में देरी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
खाद-बीज की लागत और परिवहन खर्च के बीच मंडी में लंबा इंतजार किसानों की परेशानी और बढ़ा रहा है। किसानों को उम्मीद है कि मंडी में तुलाई और खरीदी की व्यवस्था जल्द सुधरेगी, ताकि उन्हें समय पर उपज बेचने का मौका मिल सके।