गोवर्धन गौशाला में विहिप-बजरंग दल ने मनाई गोपाष्टमी: गौपूजन कर लिया गौरक्षा का संकल्प

मनासा में हर्षोल्लास के साथ हुआ आयोजन, गौमाता की पूजा-अर्चना कर गौआधारित खेती को बढ़ावा देने का आह्वान
मनासा। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं मातृशक्ति प्रखंड मनासा द्वारा गोवर्धन गौशाला में गोपाष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने गौमाता का पूजन-अर्चन कर गुड़ एवं दलिये की लापसी का भोग लगाया और गौ-संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बजरंग दल के जिला संयोजक दुर्गेश धनगर ने गोपाष्टमी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गौचारण लीला शुरू की थी।
उन्होंने गौआधारित खेती को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि रासायनिक खाद और कीटनाशकों के बढ़ते उपयोग से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में प्रत्येक परिवार को अपनी कृषि भूमि के कुछ हिस्से में जैविक एवं गौआधारित खेती अपनाकर परिवार के लिए शुद्ध अनाज तैयार करना चाहिए। उन्होंने गोमाता की रक्षा और उन्हें राष्ट्रमाता घोषित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात भी कही।
कार्यक्रम का संचालन प्रखंड मंत्री मंगल सिंह देवड़ा ने किया। आभार प्रखंड गौरक्षा प्रमुख रोहित कुशवाहा ने माना।
इस अवसर पर विहिप जिला उपाध्यक्ष मंजू गहलोत, जिला विशेष संपर्क प्रमुख जगपाल फरक्या, जिला गौ रक्षा प्रमुख राहुल कुशवाहा, गोपाल सोनी, प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन यजुर्वेदी सहित बजरंग दल, दुर्गावाहिनी, मातृशक्ति एवं विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।