नीमच-सिंगोली मार्ग का निर्माण धीमा, सरवानिया महाराज :में धूल और अधूरे काम से लोग परेशान

ढाई साल में सरवानिया महाराज से नीमच के बीच करीब 20 किलोमीटर का काम पूरा नहीं, सड़क की गुणवत्ता और एमपीआरडीसी की निगरानी पर उठे सवाल
दिनेश वीरवाल | संवाददाता
सरवानिया महाराज। नीमच-सिंगोली मार्ग पर निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। सड़क किनारे रहने वाले परिवार, दुकानदार, वाहन चालक और राहगीर उड़ती धूल, गड्ढों और अधूरे निर्माण से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि ढाई साल से सड़क निर्माण पूरा होने का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अब तक काम में अपेक्षित गति नहीं आई है।
नीमच से सिंगोली तक बनने वाले इस मार्ग पर सरवानिया महाराज से नीमच के बीच करीब 20 किलोमीटर का काम भी ढाई साल में पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में पूरे मार्ग का निर्माण कब तक पूरा होगा, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) की निगरानी में चल रहे इस कार्य की धीमी प्रगति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
सरवानिया महाराज में अधूरा निर्माण बना परेशानी
सरवानिया महाराज में करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण सीमेंट कंक्रीट (आरसीसी) से होना है। इसके दोनों ओर नालों का निर्माण भी प्रस्तावित है। लेकिन मौके पर कहीं नालों की खुदाई के बाद रास्ते अधूरे छोड़ दिए गए हैं तो कहीं सड़क निर्माण शुरू होने का इंतजार है।
अधूरे निर्माण के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। वाहनों के गुजरने पर धूल के गुबार उठते हैं, जिससे दुकानों और घरों में धूल पहुंच रही है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि धूल के कारण कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पहले बने सीसी मार्गों की गुणवत्ता पर सवाल
सड़क निर्माण का काम सांवरिया इन्फ्रास्ट्रक्चर कंस्ट्रक्शन कंपनी, उदयपुर द्वारा किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर सेमली चंद्रावत, नेवड़ और निपानिया में बनी सीसी सड़कों की ऊपरी सतह और फिनिशिंग को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
लोगों ने निर्माण में इस्तेमाल की जा रही मशीनरी, तकनीकी प्रक्रिया और गुणवत्ता मानकों की जांच की मांग की है। उनका सवाल है कि करोड़ों रुपये की सड़क परियोजना में निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित तकनीकी निरीक्षण और परीक्षण हो रहे हैं या नहीं।
कलेक्टर के निर्देशों के बाद भी सुधार पर सवाल
बताया जा रहा है कि कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने पूर्व में सड़क की खराब सतह को लेकर संबंधित कंपनी को सुधार के निर्देश दिए थे। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है।
सवाल यह भी उठ रहा है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता की निगरानी किस स्तर पर की गई? यदि पहले से बने हिस्सों में कमियां हैं तो उनकी तकनीकी जांच कराकर आवश्यक सुधार क्यों नहीं कराया जा रहा? निर्माण के दौरान ही खामियों को रोकना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
दीपावली के बाद भी निर्माण की रफ्तार धीमी
दीपावली के दौरान मजदूरों के त्योहार मनाने घर जाने के कारण काम प्रभावित होने की बात कही गई थी। लेकिन त्योहार के दस दिन बाद भी निर्माण कार्य में तेजी नहीं आने से स्थानीय लोगों की परेशानी बनी हुई है।
उखड़ी सड़क, गड्ढे, निकले हुए पत्थर और उड़ती धूल रोजाना की समस्या बन चुके हैं। दुकानदारों को ग्राहकी प्रभावित होने की चिंता है, वहीं रहवासी परिवार धूल से परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी गुजरते हैं, इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
नीमच से सिंगोली तक निर्माण की गति पर सवाल
स्थानीय स्तर पर डीकेन और मालखेड़ा सहित मार्ग के अलग-अलग हिस्सों में भी निर्माण की धीमी गति और अधूरे काम को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। कहीं सड़क की एक साइड बंद है तो कहीं नालों का निर्माण अधूरा बताया जा रहा है। पुल-पुलियाओं के काम भी कई स्थानों पर बाकी होने की बात कही जा रही है।
ऐसे में सवाल केवल निर्माण कंपनी की कार्यशैली का नहीं, बल्कि एमपीआरडीसी की निगरानी और प्रशासनिक जवाबदेही का भी है।
कलेक्टर और एमपीआरडीसी से जनता के सवाल
- नीमच-सिंगोली सड़क का निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा क्यों नहीं हो पा रहा है?
- सरवानिया महाराज में धीमे पड़े निर्माण कार्य को गति देने के लिए क्या कार्ययोजना है?
- सेमली चंद्रावत, नेवड़ और निपानिया में बनी सीसी सड़कों की तकनीकी जांच कब होगी?
- निर्माण में इस्तेमाल मशीनरी और तकनीकी प्रक्रिया का परीक्षण किस अधिकारी ने किया?
- निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच और निरीक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की जाती?
- धूल से परेशान रहवासियों और दुकानदारों को राहत देने के लिए पानी का छिड़काव और अन्य जरूरी इंतजाम कब किए जाएंगे?
जनता को आश्वासन नहीं, समयसीमा में काम चाहिए
स्थानीय लोगों की मांग है कि कलेक्टर और एमपीआरडीसी के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर निर्माण की वास्तविक स्थिति देखें। निर्माण कंपनी को काम पूरा करने के लिए स्पष्ट समयसीमा दी जाए और गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान ही खामियों को रोकना जरूरी है। यदि निर्माण पूरा होने के बाद गुणवत्ता में कमी सामने आती है तो सुधार कराने में फिर समय और संसाधन लगेंगे। ऐसे में सवाल यही है कि नीमच-सिंगोली मार्ग का निर्माण कब गति पकड़ेगा और सरवानिया महाराज के लोगों को धूल तथा अधूरे रास्तों से कब राहत मिलेगी?