नई विधा — नीमच न्यूज़

UAE में 8 वर्षीय शौर्यवर्धन गहलोत ने जीता स्वर्ण पदक: नीमच में भव्य स्वागत

ब्रेकिंग न्यूज़ · नीमच · · नई विधा डेस्क

UAE में 8 वर्षीय शौर्यवर्धन गहलोत ने जीता स्वर्ण पदक: नीमच में भव्य स्वागत

नीमच। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बायथलेट, ट्रायथलन एवं लेजर रन चैंपियनशिप में नीमच के 8 वर्षीय शौर्यवर्धन गहलोत ने स्वर्ण पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया। 10 देशों के करीब 600 खिलाड़ियों के बीच शौर्यवर्धन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इस उपलब्धि पर शौर्यवर्धन और अन्य विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में पूरे नीमच शहर में भव्य स्वागत जुलूस निकाला गया। जुलूस अंबेडकर मार्ग से शुरू होकर गायत्री मंदिर, कमल चौक, फव्वारा चौक, बारादरी, घंटाघर, जाजू बिल्डिंग, पुस्तक बाजार और भारत माता चौराहा होते हुए तरण ताल पहुंचा। रास्ते में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और खेल संगठनों ने स्वागत स्टॉल लगाकर पुष्पवर्षा की और आतिशबाजी कर खिलाड़ियों का अभिनंदन किया।

विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने की सराहना

पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने शौर्यवर्धन, उनके पिता धीरेंद्र गहलोत और अन्य विजेता खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 में तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार सकलेचा द्वारा नीमच में स्थापित तरण ताल आज खिलाड़ियों की उपलब्धियों का आधार बन रहा है। उन्होंने बच्चों को भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

गहलोत और चौहान परिवार में खुशी का माहौल

शौर्यवर्धन की सफलता से गहलोत और चौहान परिवार में उत्साह का माहौल है। नाना महेंद्र सिंह चौहान, नानी निर्मला देवी चौहान, दादा हरिप्रसाद गहलोत और दादी चंदा देवी गहलोत ने शौर्यवर्धन को आशीर्वाद दिया और उसकी मेहनत एवं अनुशासन की सराहना की।

तरण ताल पर खिलाड़ियों का सम्मान

विजय जुलूस के समापन पर तरण ताल परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें विधायक ओमप्रकाश सकलेचा और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महेंद्र भटनागर ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का सम्मान किया। स्विमफ्लाई स्पोर्ट्स क्लब के प्रेरक राकेश कोठारी के सौजन्य से सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को स्वर्ण सिक्के प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन स्नेह भोज के साथ हुआ।

टैग: Neemuch, Shauryavardhan Gehlot, Gold Medal, UAE, Sports News, Team Swimfly, Madhya Pradesh

और पढ़ें: नीमच की सभी खबरें · नीमच ब्रेकिंग न्यूज़ — आज की बड़ी खबरें · नीमच न्यूज़ होम