नई विधा — नीमच न्यूज़

UAE में तिरंगा लहराकर लौटी टीम स्विमफ्लाई नीमच का भव्य स्वागत: खिलाड़ियों ने जीते 41 पदक

खेल · नीमच · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

UAE में तिरंगा लहराकर लौटी टीम स्विमफ्लाई नीमच का भव्य स्वागत: खिलाड़ियों ने जीते 41 पदक

नीमच। UAE के दुबई में 11 से 15 नवंबर तक आयोजित एशियन बायथले, ट्रायथले एवं लेजर रन चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व कर लौटी टीम स्विमफ्लाई नीमच के खिलाड़ियों का शहर में भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 21 स्वर्ण, 18 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 41 पदक जीतकर नीमच का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

खिलाड़ियों के स्वागत में शहर में विजय जुलूस निकाला गया। इसकी शुरुआत स्टार्ट हरी सेवा से हुई, जहां खेलप्रेमियों, अभिभावकों, एसोसिएशन और क्लब के सदस्यों ने खिलाड़ियों को माला पहनाकर एवं आतिशबाजी कर स्वागत किया। इस दौरान खिलाड़ियों के साथ फोटो खिंचवाने के लिए भी लोगों में उत्साह नजर आया।

विजय जुलूस के दौरान गायत्री परिवार, प्रज्ञा विद्यालय के विद्यार्थियों, अन्नपूर्णा न्यास, तिलक मार्ग घंटाघर व्यापारी संगठन, सुप्रीम रिवाइंडिंग, बंगला नंबर 50 टैगोर मार्ग व्यापारी संगठन, वात्सल्य सेवा समिति, बालाजी इंटरप्राइजेज, सकल ब्राह्मण समाज, जांगिड़ ब्राह्मण समाज, राम रोहिड़ा मित्रमंडल, साबिर मसूदी मित्रमंडल, मुस्लिम समाज, नगरपालिका पार्षदों, विजय लक्ष्मी बीज मित्र मंडल, विश्व हिंदू परिषद, रोटरी डायमंड क्लब और मातृ शक्ति स्विमफ्लाई स्पोर्ट्स क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं व्यापारियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर खिलाड़ियों का स्वागत किया।

नगरपालिका स्विमिंग पूल में सम्मान समारोह

विजय जुलूस के बाद खिलाड़ियों, कोच और अतिथियों को नगरपालिका स्विमिंग पूल में रेड कारपेट एंट्री देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सम्मान समारोह आयोजित हुआ, जिसमें जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

विधायक सखलेचा ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें आगामी एशियाड और ओलंपिक की तैयारी अभी से शुरू करनी चाहिए। उन्होंने खेलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के उपयोग पर भी जोर दिया। उनके अनुसार, आधुनिक तकनीक से खिलाड़ियों की क्षमता और कमजोरियों का आकलन कर बेहतर रणनीति तैयार की जा सकती है। उन्होंने कोच और खेल स्टाफ को भी AI तकनीक सीखने की आवश्यकता बताई।

विधायक ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सुसज्जित स्टेडियम बनाने की योजना पर काम कर रही है, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने जिले में चार और स्विमिंग पूल बनाने की घोषणा भी की।

41 पदक जीतकर बढ़ाया नीमच का गौरव

टीम के मोटिवेशनल कोच राकेश कोठारी ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से 41 पदक हासिल किए हैं। उन्होंने बताया कि टीम ने 21 स्वर्ण, 18 रजत और 2 कांस्य पदक जीते। इस अवसर पर उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों और कोचों का गोल्ड कॉइन देकर सम्मान किया।

समारोह को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महेन्द्र भटनागर और पेंटाथलान के जिलाध्यक्ष डॉ. मनीष चमडिया ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्विमफ्लाई स्पोर्ट्स क्लब ने तैराकी के साथ साइकिलिंग, रनिंग और मॉडर्न पेंटाथलॉन के विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों को तैयार कर नीमच में मल्टीस्पोर्ट्स गतिविधियों को बढ़ावा दिया है।

पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान

समारोह में पदक विजेता खिलाड़ियों को मेवाड़ी पाग, मोतियों की माला और अंतरराष्ट्रीय पदकों के साथ सम्मानित किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में सिद्धांत सिंह गोपाल सिंह जादौन (5 स्वर्ण, 1 रजत), भूमि गोविंद अग्रवाल (5 स्वर्ण), आरव वीरेन्द्र शर्मा (3 स्वर्ण, 2 रजत, 1 कांस्य), यशवी नितेश शर्मा (3 स्वर्ण, 1 रजत), अस्मी दीपेन्द्र भटनागर (1 स्वर्ण, 4 रजत), आयुष सुनील शर्मा (1 स्वर्ण, 1 कांस्य), शौर्यवर्धन धीरेन्द्र (1 स्वर्ण), स्तुति डॉ. मनीष चमडिया (4 रजत) और कनिष्का संजय गेहलोत (3 रजत) शामिल रहे।

इसके साथ ही मास्टर प्लेयर धीरेन्द्र कुमार गेहलोत, पृथ्वीराज गजेन्द्र सिंह हरोड़ और आरुष आशिष गोदावत का भी सम्मान किया गया।

कोच और स्विमिंग पूल स्टाफ का सम्मान

समारोह में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने वाले मेंटर कोच प्रभु मूलचंदानी, एलीट कोच नीलेश घावरी, कोच आयुष गौड़, स्ट्रोक कोच सुधा सोलंकी और समीरप्रताप सिंह जादौन का सम्मान किया गया। नगरपालिका स्विमिंग पूल में सेवाएं देने वाले स्टाफ सदस्य नरेश जोशी और अखिलेश मंगल को भी शॉल, पाग और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में नितेश शर्मा ने आभार व्यक्त किया।

टैग: Neemuch, Team Swimfly, Asian Championship, Sports News, UAE, Swimming, Madhya Pradesh, Neemuch News

और पढ़ें: नीमच की सभी खबरें · नीमच खेल समाचार · नीमच न्यूज़ होम