पैकेज्ड फूड पर अब लगाने होंगे हाई-फैट, हाई-शुगर या हाई-सॉल्ट चेतावनी के लेबल : सुप्रीम कोर्ट

खाद्य पदार्थों के पैकेट पर सामने की ओर पोषण संबंधी चेतावनी देना जरूरी, उपभोक्ताओं को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने पैकेट बंद खाद्य पदार्थों और उनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर अहम फैसला दिया है। कोर्ट ने पैकेज्ड फूड पर पोषण संबंधी चेतावनी की लेबलिंग और उसे सख्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत पैकेट पर सामने की तरफ स्पष्ट रूप से बताया जाना होगा कि खाद्य पदार्थ में हाई-फैट, हाई-शुगर या हाई-सॉल्ट की मात्रा है।
सामने की तरफ दिखानी होगी चेतावनी
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को निर्देश दिया कि खाद्य पदार्थों के पैकेट पर सामने की ओर दी जाने वाली पोषण संबंधी जानकारी के लिए एडेड शुगर और मिलाई गई वसा के बजाय टोटल शुगर और सैचुरेटेड फैट का उल्लेख किया जाए। साथ ही नमक की मात्रा भी स्पष्ट की जाए।
कोर्ट ने कहा कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रत्येक पोषक तत्व के लिए अलग-अलग चेतावनी संकेत और स्पष्ट जानकारी दी जाए। पैकेट पर हाई-फैट, हाई-शुगर और हाई-सॉल्ट का उल्लेख होना चाहिए।
चेतावनी के साथ चित्रात्मक संकेत भी जरूरी
कोर्ट ने कहा कि प्रत्येक चेतावनी के साथ संबंधित तत्व का चित्रात्मक प्रतीक भी होना चाहिए, ताकि उपभोक्ता पैकेट देखते ही समझ सकें कि खाद्य पदार्थ में किस पोषक तत्व की मात्रा अधिक है। चेतावनी के संकेत इतने स्पष्ट और बड़े होने चाहिए कि वे आसानी से दिखाई दें।
FSSAI तय करेगा पोषक तत्वों की सीमा
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को पोषक तत्वों की निर्धारित सीमा तय करने और आवश्यक दिशानिर्देश तैयार करने को कहा है। कोर्ट के अनुसार, चेतावनी का आकार इतना छोटा नहीं होना चाहिए कि उपभोक्ताओं को उसे पढ़ने में परेशानी हो।
कोर्ट ने यह भी कहा कि निर्धारित सीमा से कम चीनी, नमक या वसा वाले उत्पादों पर ऐसे चेतावनी लेबल नहीं लगाए जाने चाहिए। खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग पर जानकारी स्पष्ट और व्यापक होनी चाहिए, ताकि उपभोक्ता सही निर्णय ले सकें।