नई विधा — नीमच न्यूज़

22 से 24 नवंबर तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान: 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

स्वास्थ्य · नीमच · · नई विधा डेस्क

22 से 24 नवंबर तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान: 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

जावद। आगामी 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर जावद में ब्लॉक स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। एसडीएम जावद की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान को सफल बनाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।

एसडीएम ने नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर पोलियो बूथ संबंधी प्रचार-प्रसार वाहन के माध्यम से कराने और नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। वहीं, विद्युत विभाग के उपयंत्री को जावद, रतनगढ़, रामपुरा, डिकेन, सरवानिया महाराज, उम्मेदपुरा, झांतला और सिंगोली स्थित सभी पोलियो बूथों पर विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जिन विद्यालयों में पोलियो बूथ बनाए गए हैं, वहां अभियान के निर्धारित दिनों में बच्चों को बुलाकर खुराक पिलाई जाए। साथ ही शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए नोटबुक और डायरी में अभिभावकों के लिए संदेश लिखवाने तथा आवश्यक जागरूकता गतिविधियां कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अभियान में तैनात कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर पोलियो बूथ का शुभारंभ करवाने के निर्देश भी दिए गए। एसडीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान संचालित करने और निर्धारित अवधि में प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित करने को कहा।

टैग: Pulse Polio, Polio Campaign, Javad, Neemuch, Child Health, Madhya Pradesh

और पढ़ें: नीमच की सभी खबरें · नीमच स्वास्थ्य समाचार — अस्पताल और बीमारी की खबरें · नीमच न्यूज़ होम