जिला अस्पताल का सोलर प्लांट वर्षों से बंद: लाखों खर्च के बाद भी नहीं मिल रही बिजली कटौती से राहत

बिजली कटौती के दौरान मरीजों को राहत देने के उद्देश्य से लगाया गया था संयंत्र, रखरखाव के अभाव में बैटरियां भी खराब होने की आशंका
नीमच। सरकार एक ओर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और बिजली पर निर्भरता कम करने के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं संचालित कर रही है, वहीं दूसरी ओर नीमच जिला चिकित्सालय में लाखों रुपये खर्च कर स्थापित किया गया सौर ऊर्जा संयंत्र खुद बदहाली का शिकार है। अस्पताल में बिजली कटौती से राहत देने के उद्देश्य से वर्ष 2015-16 में लगाया गया सोलर प्लांट पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा है।
जिला चिकित्सालय परिसर में महिला वार्ड के ऊपर लगाए गए सोलर पैनल और उनके साथ स्थापित बैटरी सिस्टम लंबे समय से निष्क्रिय हैं। शुरुआत में इस संयंत्र का उद्देश्य बिजली कटौती के दौरान अस्पताल की आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्बाध रूप से संचालित रखना था। लेकिन समय के साथ रखरखाव और तकनीकी देखरेख के अभाव में यह व्यवस्था ठप हो गई। वर्षों से बंद पड़े प्लांट की बैटरियां भी खराब होने की आशंका जताई जा रही है।
जिस मकसद से लगाया, वही पूरा नहीं हो रहा
अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में बिजली की उपलब्धता बेहद जरूरी है। यहां मरीजों का उपचार, वार्डों की व्यवस्थाएं और विभिन्न चिकित्सा सुविधाएं बिजली पर निर्भर रहती हैं। ऐसे में वैकल्पिक ऊर्जा व्यवस्था का बंद होना कई सवाल खड़े करता है। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में अस्पताल को इस सोलर प्लांट से मिलने वाला सहयोग अब उपलब्ध नहीं है।
लाखों रुपये खर्च कर तैयार किए गए संसाधनों का उपयोग नहीं होना सरकारी धन के सदुपयोग और जिम्मेदारों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के दावों के बीच सरकारी अस्पताल में उपेक्षा
एक तरफ सरकार घरों और संस्थानों में सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित कर रही है, वहीं दूसरी तरफ जिला अस्पताल में पहले से मौजूद सौर ऊर्जा संयंत्र वर्षों से बंद है। यदि समय रहते इसकी तकनीकी जांच और मरम्मत कराई जाती तो संभव है कि यह व्यवस्था फिर से अस्पताल के काम आ सकती थी।
सिविल सर्जन ने भी मानी बंद होने की बात
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटीदार ने स्वीकार किया कि जिला चिकित्सालय परिसर में लगा सोलर प्लांट लंबे समय से बंद पड़ा है। तकनीकी कारणों से इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि लंबे समय से बंद रहने के कारण प्लांट में लगी बैटरियां खराब हो गई होंगी।
अब सवाल यह है कि लाखों रुपये खर्च कर लगाया गया यह संयंत्र आखिर कब दोबारा चालू होगा? क्या इसकी तकनीकी जांच कराकर बैटरियों और अन्य उपकरणों को दुरुस्त किया जाएगा या अस्पताल परिसर में लगा यह सोलर प्लांट यूं ही धूल खाता रहेगा?