नई विधा — नीमच न्यूज़

एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई: 2 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

ब्रेकिंग न्यूज़ · नीमच · · अपडेट: · नई विधा डेस्क

एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई: 2 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

प्लॉट के अतिक्रमण दर्ज कराने के एवज में मांगे थे 16 हजार रुपये, पहले ले चुका था 3 हजार; मोटरसाइकिल के बैग से बरामद हुई रिश्वत की राशि

नीमच। जिले में रिश्वतखोरी के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। एक सप्ताह के भीतर दूसरी कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने शुक्रवार को मनासा तहसील के ग्राम खानखेड़ी में पदस्थ पटवारी जितेश मराठा को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोप है कि पटवारी ने फरियादी से दो प्लॉटों के अतिक्रमण दर्ज कराने के बदले रिश्वत मांगी थी। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि पटवारी की मोटरसाइकिल के बैग से बरामद की गई।

दो प्लॉटों के लिए मांगे थे 16 हजार रुपये

लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खानखेड़ी निवासी तेजूदास बैरागी पिता ओमप्रकाशदास बैरागी ने 12 नवंबर 2026 को लोकायुक्त उज्जैन पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत की थी।

शिकायत में बताया गया कि उसके दो प्लॉटों के अतिक्रमण दर्ज कराने के बदले पटवारी जितेश मराठा ने प्रति प्लॉट 8 हजार रुपये के हिसाब से कुल 16 हजार रुपये की मांग की थी। फरियादी द्वारा राशि कम करने का आग्रह करने पर पटवारी 10 हजार रुपये लेने को तैयार हो गया। इसमें से 3 हजार रुपये वह पहले ही ले चुका था।

मोटरसाइकिल के बैग में रखवाए 2 हजार रुपये

शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने शुक्रवार, 20 नवंबर को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान पटवारी जितेश मराठा ने शेष रिश्वत राशि में से 2 हजार रुपये फरियादी से अपनी मोटरसाइकिल के बैग में रखवाए।

इसके बाद मौके पर मौजूद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रिश्वत की राशि बरामद कर पटवारी को पकड़ लिया।

एक सप्ताह में दूसरी कार्रवाई से राजस्व विभाग पर सवाल

नीमच जिले में एक सप्ताह के भीतर लोकायुक्त की यह दूसरी कार्रवाई है। लगातार सामने आ रहे रिश्वतखोरी के मामलों से राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। प्लॉटों के अतिक्रमण दर्ज कराने जैसे राजस्व संबंधी काम के लिए रिश्वत मांगने की शिकायत सामने आने से आम लोगों के सरकारी कामकाज को लेकर भी चिंता बढ़ी है।

लोकायुक्त की टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह तथा लोकायुक्त उज्जैन पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई।

ट्रैप टीम में डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, प्रधान आरक्षक कन्हैयालाल धनगर, आरक्षक शिव कुमार शर्मा और आरक्षक मोहम्मद इसरार शामिल रहे।

टैग: Neemuch, Lokayukta, Bribery Case, Manasa, Patwari, Anti Corruption, Madhya Pradesh

और पढ़ें: नीमच की सभी खबरें · नीमच ब्रेकिंग न्यूज़ — आज की बड़ी खबरें · नीमच न्यूज़ होम